विष्णुगढ़ में हाइटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत, घर में पसरा मातम

झारखंड के विष्णुगढ़ में 11 हजार वोल्ट के झूलते तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की है।
विष्णुगढ़: विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र की अलपीटो पंचायत के छाताटांड़ गांव में 11 हजार वोल्ट के झूलते हाइटेंशन तार की चपेट में आने से 36 वर्षीय राजेश उर्फ छोटू यादव की मौत हो गयी. घटना के लगभग 25 घंटे बाद शुक्रवार सुबह उसका शव घर से करीब 50 मीटर दूर मकई के खेत से बरामद किया गया.
परिजनों के अनुसार, राजेश 30 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे शौच के लिए घर से निकला था. देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों, जंगल और रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला. शुक्रवार सुबह उसके चाचा मकई के खेत की ओर गये, जहां उन्होंने उसका शव देखा.
करंट की चपेट में आने से मृतक का चेहरा और गर्दन बुरी तरह झुलस गये थे. सूचना मिलने पर विष्णुगढ़ पुलिस और बिजली विभाग के सहायक व कनीय अभियंता मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान अधिकारियों ने स्वीकार किया कि 11 हजार वोल्ट का तार जमीन से महज साढ़े तीन फीट की ऊंचाई पर झूल रहा था, जिससे युवक उसके संपर्क में आ गया.
ग्रामीणों के आक्रोश के बाद विभाग ने अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता दी, जल्द 20 हजार रुपये अतिरिक्त देने तथा पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. ग्रामीणों ने मृतक की पत्नी को बिजली विभाग में दैनिक मजदूर के रूप में रोजगार देने की भी मांग की है. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










