श्रावणी स्पेशल ट्रेन का बरही में ठहराव नहीं, श्रद्धालुओं में नाराजगी

रांची-देवघर श्रावणी स्पेशल ट्रेन का बरही स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से कांवरियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। जनप्रतिनिधियों ने मांग उठाई है।
बरही: ट्रेनों के ठहराव के मामले में कोडरमा-बरका काना रेलखंड पर स्थित बरही रेलवे स्टेशन की लगातार उपेक्षा हो रही है. दो ट्रेन के अलावा यहां कोई ट्रेन नहीं रूकती. ताजा मामला श्रावणी स्पेशल ट्रेन के परिचालन से संबंधित है. रेल विभाग ने श्रावणी मेले को लेकर रांची से बाबा धाम देवघर तक भाया हज़ारीबाग-बरही एक श्रावणी स्पेशल ट्रेन (ट्रेन 08646) का परिचालन 27 जुलाई से शुरू किया है.
यह सप्ताह में सोमवार व शुक्रवार दो दिन चल रही है. इसका परिचालन नौ सितंबर तक होगा. इस दौरान यह रांची से देवघर भाया हज़ारीबाग-बरही 14 ट्रिप करेगी, पर बरही स्टेशन पर नहीं रुकेगी. बरही स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं दिया गया है. यह ट्रेन सोमवार को रात 8.50 बजे पर जब पहली बार गुजरी बरही में नहीं रुकी. बाबा धाम जाने वाले बरही के कांवर यात्री ट्रेन को देखते रह गये. इसे लेकर बरही अनुमंडल के लोगों में नाराजगी है.
स्पेशल ट्रेन का बरही में ठहराव दिया जाय
एनसीपी के बरही विधानसभा प्रभारी महेश ठाकुर ने कहा कि श्रावणी स्पेशल ट्रेन का बरही में ठहराव दिया जाना ज़रूरी है. बरही अनुमंडल क्षेत्र में बाबा वैधनाथ के भक्तों की भारी संख्या है. वे सावन में जल चढ़ाने सड़क मार्ग से देवघर जाते है. ट्रेन की सुविधा मिलेगी तो कांवर यात्रा आरामदायक होगी.
बरही प्रखंड प्रमुख मनोज रजक ने कहा श्रावणी स्पेशल ट्रेन का ठहराव बरही में नहीं दिया गया गया. यह यहां के कांवर यात्रियों के प्रति अन्याय है. सांसद प्रतिनिधि रंजीत चन्द्रवंशी, भगवान केसरी, मोतीलाल चौधरी, रमेश ठाकुर, जिला परिषद उपाध्यक्ष किसुन यादव, जिला परिषद सदस्य प्रीति गुप्ता, गणेश यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष विजय यादव, मुखिया राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा, सिकंदर राणा, शमशेर आलम, मनोज कुमार दास, मुखिया प्रतिनिधि छोटन ठाकुर ने मांग का समर्थन किया है.
क्या कहते बरही के रेल उपाधीक्षक
बरही रेलवे स्टेशन के उपाधीक्षक चंदन केसरी ने बताया स्टेशन पर ठहराव दिलाना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. यह स्पेशल ट्रेन का परिचालन इस्ट सेन्ट्रल रेलवे हाजीपुर के नोटिफिकेशन से शुरू हुआ है. उसी के स्तर से कुछ हों सकता है. जनप्रतिनिधियों को प्रयास करना होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










