ब्राउन शुगर के साथ दो पेडलर गिरफ्तार

छह ग्राम ब्राउन शुगर, वेट मशीन अौर मोटरसाइकिल जब्त
हजारीबाग. लोहसिंघना पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो पेडलरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कोलघटी मस्जिद के निकट रहने वाला मो वाजिद अंसारी और चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्हे गांव निवासी मो वसीम आलम शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से छह ग्राम ब्राउन शुगर, वेट मशीन और मोटरसाइकिल जब्त की है. दोनों को झील नंबर तीन के पास से गिरफ्तार किया गया. थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि एसपी को मिली सूचना के आधार पर छापामारी की गयी. दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से झील नंबर तीन के पास ब्राउन शुगर बेचने पहुंचे थे और खरीदार का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया.
नशा कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई कर रही पुलिस
हजारीबाग. जिले को नशामुक्त बनाने के लिए एसपी अमन कुमार ने सभी एसडीपीओ, इंसपेक्टर और थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार छापामारी का निर्देश दिया है. इसके तहत 20 मई को इचाक पुलिस ने 52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था. वहीं 16 मई की रात कोर्रा पुलिस ने दीपूगढ़ा जिब्रालटर हाउस के समीप छापामारी कर तीन तस्करों को जेल भेजा था. उनके पास से 20.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ था. इसके अलावा 13 मई को पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा बोंगा रोड से एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने उनके पास से 169 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया था.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










