16 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 14 May 2026 10:16 PM
गिरफ्तार आरोपियों में हदारी की एक महिला सप्लायर भी शामिल
कटकमसांडी. पेलावल ओपी पुलिस ने नशाखोरी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत 14 मई को पबरा गांव से ब्राउन शुगर बरामद कर इस अवैध कारोबार में लिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. एडिशनल एसपी अमित कुमार ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 14 मई की सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम पबरा में दो व्यक्ति अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय हजारीबाग के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पबरा के बोंगा रोड स्थित जंगल से ग्राम पबरा निवासी अविनाश कुमार (पिता संतोष प्रसाद मेहता) और ग्राम हदारी, थाना इचाक निवासी संदीप कुमार उर्फ निक्की (पिता तिरेंद्र प्रसाद) को 169 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया. बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 16 लाख रुपये बतायी गयी है. पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किये. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें किरण कुमारी उर्फ काजल कुमारी (पति दीपक कुमार मेहता), ग्राम हदारी, थाना इचाक ब्राउन शुगर की सप्लाई करती थी. इसके बाद पुलिस ने किरण कुमारी को हदारी गांव से गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में कटकमसांडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अविनाश कुमार, संदीप कुमार उर्फ निक्की और किरण कुमारी उर्फ काजल कुमारी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापामारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा समेत पेलावल, इचाक थाना के सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










