सड़क दुर्घटना में शिक्षिका की मौत, पुत्र और देवर घायल

तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को चपेट में लिया
बरही. जीटी रोड पर बरही के पंचमाधव स्थित निर्माणाधीन अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया. हादसे में मोटरसाइकिल सवार सरिता कुमारी (30 वर्ष, पति कृष्णा साव), उनका पुत्र छोटू (आठ वर्ष) और देवर मुकेश साव घायल हो गये. घायलों को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. सरिता कुमारी के शरीर में गंभीर चोटें आयी थीं और कई हड्डियां टूट गयी थीं. परिजन उन्हें हजारीबाग से धनबाद इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. वहीं मुकेश साव का इलाज हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. पुत्र छोटू को इलाज के बाद नानी के घर भेज दिया गया है. घटना सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे की है. सरिता देवी पुत्र के साथ देवर मुकेश साव के चौपारण स्थित ससुराल से अपने गांव शिवपुर गड़लाही लौट रही थी. इसी दौरान हादसा हुआ. बरही पुलिस ने ट्रक (आरजे19जीएच-8850) को जब्त कर लिया है.
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सरिता कुमारी एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं और परिवार का मुख्य सहारा थीं. उनके तीन छोटे बच्चे हैं. उनके पति चार वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से दिव्यांग जीवन जी रहे हैं.अंडरपास निर्माण स्थल बना दुर्घटना जोन
करियातपुर मुखिया मनोज कुमार ने बताया कि पंचमाधव अंडरपास का निर्माण कई वर्षों के बाद भी पूरा नहीं हो सका है. निर्माण कार्य के चलते वहां सड़क अत्यंत संकरी हो गयी है. जिस कारण आये दिन दुर्घटना होती रहती है. यह स्थल दुर्घटना जोन बन गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










