मुआवजे के आश्वासन पर 10 घंटे बाद हटा सड़क जाम
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 01 Jun 2026 10:57 PM
रविवार की रात अवैध कोयला लदे ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया था
चरही. चुरचू थाना क्षेत्र के बोदरा-हत्यारी मुख्य मार्ग पर 31 मई की देर रात अवैध कोयला लदे ट्रक ने बागजोबरा गांव के दो युवकों आकाश हांसदा (28 वर्ष, पिता सोहराय हांसदा) व राजेंद्र बास्के (22 वर्ष, पिता स्व मोतीलाल बास्के) को कुचल दिया था. जिससे दोनों की मौत हो गयी थी. घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने शव के साथ रातभर चुरचू-हत्यारी मुख्य मार्ग जाम रखा. चार थानों के थानेदारों की उपस्थिति में सोमवार की सुबह करीब चार बजे शव को उठाया जा सका. पुलिस ने मृतक के परिजनों को कोयला कारोबारी संदीप सिंह और प्रभात सिंह से दो-दो लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर शव उठा. अंतिम संस्कार के लिए दोनों परिवार को कोयला कारोबारी ने 50-50 हजार रुपये दिये. तीन दिनों के अंदर शेष तीन लाख रुपये देने का आश्वासन दिया. वहीं ट्रक को पुलिस जब्त कर चुरचू थाना ले गयी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. हजारीबाग में दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार बागजोबरा में किया गया. घटना के बाद से बागजोबरा में मातम पसरा है.
ट्रक जब्त, मामला दर्ज :
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक (बीआर 02जीए-9310) को जब्त कर लिया है. इस संबंध में चुरचू थाना कांड संख्या 11/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. इधर, ग्रामीणों का कहना है कि अवैध कोयला कारोबार पर समय रहते सख्ती बरती जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था. ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.दोनों घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे :
मृतक आकाश हांसदा अपने पीछे पत्नी सरिता मुर्मू, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है. आकाश फर्नीचर मिस्त्री था. वहीं राजेंद्र किस्कू अपने पीछे पत्नी व 18 दिन के पुत्र को छोड़ गया है. आकाश हांसदा व राजेंद्र बास्के घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










