तमिलनाडु में फंसी तीन युवतियों का रेस्क्यू

Updated:
विज्ञापन
तमिलनाडु में फंसी तीन युवतियों का रेस्क्यू

कपड़ा फैक्ट्री के नाम पर ले जाकर ईंट भट्ठे में काम करने का दबाव बनाया

विज्ञापन

कटकमसांडी. कटकमसांडी थाना क्षेत्र की तीन युवतियों का तमिलनाडु से रेस्क्यू किया गया. तीनों युवतियां झांसे का शिकार हो गयी थीं और तमिलनाडु के सेलम शहर में फंस गयी थीं. जानकारी के अनुसार तीनों युवतियां तमिलनाडु के त्रिपुर के कपड़े की फैक्ट्री में काम करने गयी थीं. कुछ दिनों तक काम करने के बाद त्रिपुर का एक व्यक्ति उन्हें अच्छे काम के बदले अच्छे पैसे देने का झांसा देकर त्रिपुर से 100 किमी दूर सेलम के आत्तुर स्थित ईंट भट्ठा में ले गया. जहां युवतियों ने ईंट भट्ठा में काम करने से मना कर दिया. इस विरोध के बाद युवतियों के साथ मारपीट और अश्लील हरकत कर वीडियो बनाया गया. भागने का प्रयास करने पर जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गयी. तब तीनों युवतियों ने किसी प्रकार रात्रि में स्थानीय ईंट भट्ठे के एक कर्मी के मोबाइल से अपने घर वालों से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी. घरवालों ने गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के माध्यम से लापता-गुमशुदा के लिए काम कर रही रांची की संस्था लापता हेल्प डेस्क के मुन्नू शर्मा को इसकी जानकारी दी. मुन्नू शर्मा ने सीआइडी रांची एवं थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के साथ समन्वय बनाकर मोबाइल का लोकेशन प्राप्त किया. इसके बाद तमिलनाडु के सेलम में लापता हेल्प डेस्क टीम को इसकी खबर दी. टीम ने सेलम पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी दी. जिसके बाद सेलम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवतियों का ईंट भट्ठे से सुरक्षित रेस्क्यू किया. इस मामले में मुन्नू शर्मा ने हजारीबाग पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया. समाचार लिखे जाने तक कानूनी कार्रवाई की प्रकिया पूरी की जा रही थी. मौके पर मुन्नू शर्मा, प्रदीप प्रसाद, युवा मोर्चा के अध्यक्ष दीपक मेहता, अजय मेहता, विकास मेहता, प्रदीप मेहता, गोविंद यादव सहित कई लोग उपस्थित थे.

विज्ञापन
Sunil Prasad

लेखक के बारे में

By Sunil Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola