प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक गिरफ्तार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 01 Jun 2026 10:57 PM
140 रुपये में खरीद कर 200 रुपये में बेचता था ऑनरेक्स सिरप
हजारीबाग. जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इस अभियान में पेलावल ओपी और लोहसिंघना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छड़वा डैम-खुटरा मार्ग पर संयुक्त छापेमारी कर खुटरा गांव निवासी नाजिम हुसैन को गिरफ्तार किया. उसके पास से प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप की 138 बोतल बरामद की गयी. पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों के युवकों को यह सिरप बेचता था. जांच में पता चला कि आरोपी प्रतिबंधित सिरप 140 रुपये प्रति बोतल खरीदता था और 200 रुपये प्रति बोतल की दर से बेचता था. इस सिरप के दुरुपयोग को देखते हुए सरकार ने इसके कारोबार पर प्रतिबंध लगाया है. पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक ने बताया कि एसपी अमन कुमार को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गयी. पेलावल ओपी और लोहसिंघना थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि कई युवा कफ सिरप के नाम पर इस प्रतिबंधित सिरप को खरीदकर नशे के रूप में इस्तेमाल करते हैं. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इचाक से खरीदा था प्रतिबंधित सिरप
थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार नाजिम हुसैन ने पूछताछ में बताया कि वह प्रतिबंधित ऑनरेक्स सिरप इचाक थाना क्षेत्र से खरीद कर लाता था अौर उसे ग्रामीण क्षेत्र को युवाओं को नशा में उपयोग करने के लिए बेचता था. थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि इस सिरप का इचाक का एक व्यक्ति बिहार के गया जिला से थोक में उठाव करता है. इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र में इसे खपाता है. आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि इचाक से जिले के कई थाना क्षेत्रों में इस सिरप को खपाता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










