हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजा ओकनी तालाब रोड
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 02 Feb 2026 10:44 PM
शिव परिवार व गंगा माता प्राण-प्रतिष्ठा सह श्रीश्री 1008 पांच दिवसीय श्री रुद्र चंडी महायज्ञ का शुभारंभ
हजारीबाग. शहर के ओकनी तालाब रोड दूसरी गली में सोमवार को शिव परिवार व गंगा माता प्राण-प्रतिष्ठा सह श्री श्री 1008 पांच दिवसीय श्री रुद्र चंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ. यज्ञ को लेकर भव्य कलश सह शोभायात्रा गाजे-बाजे और जयघोष के साथ निकली. शोभायात्रा में शामिल 501 महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने ओकनी तालाब से कलश में जल उठाया. इसके बाद मन्ना चौक, देवी मंडप रोड, पैगोडा चौक, पंचमुखी हनुमान न्यू एरिया होते हुए तीसरी गली स्थित भव्य यज्ञ मंडप पहुंचे. इस दौरान हर-हर महादेव, जय गंगा मैया के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. कलशयात्रा का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के श्रद्धानंद सिंह ने किया. यज्ञाचार्य पंडित अवधेश मिश्र ने सहयोगी पुरोहितों अंबुज मिश्र व पंडित अरविंद मिश्र के साथ ग्राम देवता पूजन एवं देव आमंत्रण कर महायज्ञ प्रारंभ कराया. श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण हुआ. यज्ञ मंडप झंडियों व रंग-बिरंगे विद्युत बल्बों से सजाया गया है. महायज्ञ दो से छह फरवरी तक चलेगा. तीन फरवरी को पंचांग पूजन व मंडप प्रवेश, चार को अग्नि स्थापना व हवन, पांच को देव स्तवन व प्रतिमा का नगर भ्रमण तथा छह फरवरी को प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, भंडारा व भव्य गंगा आरती होगी. संध्या समय संगीतमय प्रवचन होगा. महायज्ञ समिति ने शहरवासियों से सहयोग व सहभागिता की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










