ट्रांसमिशन लाइन के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर उपायुक्त सख्त
हजारीबाग. डीसी कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में बिजली विभाग, डीवीसी और ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ी समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में जिले में चल रही ट्रांसमिशन परियोजनाओं, लोड शेडिंग और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने ट्रांसमिशन लाइन के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि काम के दौरान आनेवाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाये. उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में सहयोग करने को कहा. डीवीसी द्वारा की जा रही लोड शेडिंग पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि हर स्थिति में एसएलडीसी की रिपोर्ट एसडीओ के समक्ष प्रस्तुत की जाये. उन्होंने बिजली आपूर्ति बाधित करने वाले सूखे पेड़ों को हटाने और हरे पेड़ों की छंटाई शीघ्र कराने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि निजी कंपनियों की अपेक्षा आम उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध बिजली उपलब्ध करायी जाये. बैठक में आरडीएसएस योजना के तहत एबी केबल रिप्लेसमेंट कार्य, मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत विद्युतीकरण, स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन और बिजली चोरी रोकने को लेकर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










