हजारीबाग में 80वें स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस रिहर्सल, कर्जन मैदान में दिखा जवानों का शानदार परेड
परेड का निरीक्षण करते आयुक्त और डीआईजी | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई। आयुक्त ने परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।
हजारीबाग: 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कर्जन मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ. प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर परेड का निरीक्षण किया. उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं सार्जेंट मेजर के साथ विभिन्न प्लाटूनों का निरीक्षण कर जवानों की तैयारियों, अनुशासन, वर्दी और कदमताल का जायजा लिया.राष्ट्रीय गीत वादन के बाद आयुक्त ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया. विभिन्न प्लाटूनों ने प्लाटून कमांडरों के नेतृत्व में अनुशासित और शानदार परेड का प्रदर्शन किया.
आयुक्त ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है. इसलिए समारोह की हर व्यवस्था गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित होनी चाहिए. सभी गतिविधियों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम और समय के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा.
उपायुक्त ने नजारत शाखा को परेड में शामिल बच्चों के लिए खान-पान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.साथ ही समारोह में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा.पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल जवानों की वर्दी साफ-सुथरी रखने और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया.
मौके पर डीआइजी, उपायुक्त, एसपी, डीडीसी, सार्जेंट मेजर सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









