पेयजल, स्वास्थ्य व बिजली व्यवस्था सुधारें : सांसद
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 30 May 2026 10:54 PM
विज्ञापन
दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा
विज्ञापन
हजारीबाग. जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को समाहरणालय सभागार में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गयी. केंद्रीय मंत्री के अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होने के बाद बैठक की अध्यक्षता सांसद मनीष जायसवाल ने की. बैठक में स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, कृषि, बैंकिंग, आंगनबाड़ी एवं नगर निगम से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई.
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा बिजली विभाग के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाएं बेहतर करने, शहरी जलापूर्ति योजना की नियमित मॉनिटरिंग, दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर लगाने तथा कृषि योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही.सदर विधायक ने उठायी अस्पताल व जर्जर एनएच की समस्या
बैठक में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, आइसीयू की स्थिति, बिजली बाधित होने से मरीजों की परेशानी, पोस्टमार्टम हाउस की अव्यवस्था, शहर में जलजमाव, पेयजल संकट और लो-वोल्टेज की समस्या को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने जर्जर राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत की भी मांग की.बरही अौर बरकट्ठा विधायक क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर रहे मुखर
बरही विधायक मनोज यादव और बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने अपने क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति, ग्रामीण सड़कों की स्थिति तथा बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं को उठाया. मनोज कुमार यादव ने बरही में आये दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति, जीटी रोड सिक्स लेन, धमना अंडर पास के निर्माण में हो रहे विलंब, धनबाद रोड में जाम, तिलैया रोड सर्विस लेन के अधूरे निर्माण को शीघ्र पूरा करने की बात रखी.खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर हो : रोशनलाल
बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं के रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता बतायी. मांडू विधायक निर्मल महतो ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया. बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने क्षेत्रीय विकास योजनाओं के लंबित मामलों को प्रमुखता से रखा.विष्णुगढ़ अंचलाधिकारी की शिकायतों पर कार्रवाई की सिफारिश
बैठक के दौरान विष्णुगढ़ अंचलाधिकारी के कार्यों से संबंधित शिकायतों पर गंभीर चर्चा हुई. समिति ने विभागीय कार्रवाई के लिए आरोप पत्र गठित करने तथा स्थानांतरण की अनुशंसा करने का निर्णय लिया. वहीं एसबीएमसीएच में पंखे, लाइट, कूलर और एयर कंडीशनर को 20 जून तक चालू करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बिजली विभाग, बैंकिंग क्षेत्र और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे. अंत में केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल दिया गया. बैठक में डीसी हेमंत सती, डीडीसी रिया सिंह, एसडीओ आदित्य पांडेय, सभी कार्यपालक अभियंता, सिविल सर्जन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










