पीएचइडी विभाग के रिटायर्ड कर्मी ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 28 Nov 2025 10:48 PM
मृतक के पॉकेट से मिला सुसाइड नोट, जिसमें अपनी इच्छा से जान देने की लिखी थी बात
कटकमसांडी. हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन के पास एक वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली. घटना शुक्रवार की सुबह की है. मृतक की पहचान 67 वर्षीय विनय कुमार सिंह के रूप में की गयी, जो पेयजल स्वच्छता विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे. वह मूल रूप से बिहार के पटना जिला के पुनाडीह गांव के निवासी थे, लेकिन पिछले कई वर्षों से हजारीबाग के कनहरी में मकान बना कर रह रहे थे. वह यहां पत्नी, बहू और बेटे के साथ रह रहे थे. परिवार के अनुसार, वह पिछले पांच-छह वर्षों से मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी लगातार चल रहा था. शुक्रवार की सुबह वह घर से यह कहकर निकले थे कि बाल और दाढ़ी बनवाने जा रहे हैं. परिवार के मुताबिक, बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा गंभीर कदम उठा लेंगे
सुसाइड नोट में अपने इस कदम के लिए मांगी है माफी
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली, तो मृतक के पॉकेट से कुछ रुपये और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. सुसाइड नोट में विनय सिंह ने लिखा था कि अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं. उन्होंने अपने इस कदम के लिए परिवार से माफी भी मांगी है. साथ ही परिवार के सदस्यों का मोबाइल नंबर लिखकर घटना की सूचना देने की विनती भी की है. घटना की सूचना पर आरपीएफ के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. कटकमदाग पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा. मुक्तिधाम सेवा संस्थान के नीरज कुमार ने भी पुलिस की इस प्रक्रिया में सहयोग किया. पोस्टमार्टम के बाद मृतक के पुत्र रजत सिंह शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गये. कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










