सिविल सर्जन ने नर्सिंग होम का किया निरीक्षण

अवैध नर्सिंग होम संचालक ताला लगा हो गये फरार
बड़कागांव. सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार ने गुरुवार को बड़कागांव में संचालित कई नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दर्जनों अवैध नर्सिंग होम के संचालक ताला लगाकर फरार हो गये. सिविल सर्जन सुबह आठ बजे बड़कागांव पहुंचे थे. आनन-फानन में अवैध नर्सिंग होम, एलोपैथिक जांच घर एवं अल्ट्रासाउंड के संचालक ताला लगाकर निकल पड़े. सिविल सर्जन ने दोपहर एक बजे तक निरीक्षण किया. उन्होंने शांति सेवा सदन की जांच की. संचालक विवेक सोनी को बेहतर काम करने की सलाह दी. इसके बाद रुक्मिणी भवन स्थित बंधन नर्सिंग होम पहुंचे. जहां ताला बंद पाया. सिविल सर्जन ने ताला खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला. उन्होंने कहा कि जितने भी बंद पाये गये नर्सिंग होम हैं, वह सभी अवैध हैं. इन पर कार्रवाई होगी. सिविल सर्जन के निरीक्षण से स्वास्थ्य क्षेत्र में हड़कंप है.
दो दिन के अंदर कागजात व संसाधन सही कराने का निर्देश
सिविल सर्जन ने कहा कि कुछ नर्सिंग होम खुले हुए थे. जो नर्सिंग होम सरकारी नियम के अनुसार कागज नहीं बनाये हैं व संसाधन नहीं है, वह पूरा कर लें. अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि बड़कागांव में दर्जनों अवैध अल्ट्रासाउंड एवं जांच घर, पैथोलॉजी जांच घर चलाये जा रहे हैं, उन पर कार्रवाई होगी.लिंग जांच करनेवाले अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन ने कहा कि जांच घरों एवं पैथोलॉजी में पैथोलॉजिस्ट होना आवश्यक है. उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड वाले लिंग जांच भी करते हैं. इस पर बड़ी कार्रवाई होगी. निरीक्षण के दौरान बड़कागांव के चिकित्सा प्रभारी डॉ अविनाश कुमार एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




