अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार की मौत
Author Sunil prasad
Updated:
विज्ञापन

महकोल (पदमा) का निवासी था मृतक सनी रविदास
विज्ञापन
इचाक. रांची-पटना मार्ग पर इचाक थाना क्षेत्र के नेशनल पार्क घाटी में सालपर्णी गेट के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गयी. मृतक की पहचान ग्राम महकोल (थाना पदमा, हजारीबाग) निवासी सनी रविदास (पिता द्वारिका रविदास) के रूप में हुई है. घटना सोमवार की सुबह करीब छह बजे की है. थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि सनी रविदास महकोल से हजारीबाग जा रहा था. उसी दौरान शालपर्णी गेट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इचाक पुलिस ने उसे इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग भेजवाया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
महिला का शव बरामद
विष्णुगढ़. थाना क्षेत्र के जमनीजारा मोड़ के निकट सोमवार की दोपहर एक महुआ पेड़ के नीचे 53 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल विष्णुगढ़ थाना पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया. मृतका की पहचान प्रखंड के बनासो के ग्राम नावाटांड़ निवासी थानू महतो की पत्नी केशिया देवी के रूप में की गयी. परिजनों के अनुसार केशिया देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. वह अक्सर बिना बताये घर से निकल जाती थी, लेकिन शाम तक लौट भी आती थी. थानू महतो ने बताया कि वह सोमवार की सुबह हल-बैल लेकर अपने खेत चले गये थे. करीब 10 बजे घर लौटे, तो पत्नी गायब थी. लगा कि हर बार की तरह शाम तक लौट आयेगी, लेकिन दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि जमनीजारा के पास एक महुआ पेड़ के नीचे वह अचेत पड़ी है. थानू महतो के अनुसार पत्नी के शरीर पर किसी चोट का निशान नहीं है. उन्होंने लू लगने या किसी जहरीले जंतु के काटने से मौत की आशंका जतायी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेजने की प्रक्रिया चल रही थी. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो पायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










