जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में हुई धांधली की जांच सीबीआइ से हो : बाबूलाल मरांडी

Updated:
विज्ञापन
प्रेस कॉन्फ्रेंस मे बाबूलाल मरांडी व अन्य | Prabhat Khabar Network

प्रेस कॉन्फ्रेंस मे बाबूलाल मरांडी व अन्य | Prabhat Khabar Network

झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई धांधली की सीबीआई जांच और दोषी कंपनियों पर कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन

हजारीबाग: पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) से कराने की मांग की है.

गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षा संचालन प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और इसके लिए परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जेपीएससी की परीक्षा संचालित करने वाली टीडीपीएल तथा जेएसएससी की परीक्षा कराने वाली वेबेल कंपनी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाये.

इन कंपनियों से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों को पदमुक्त कर उनके खिलाफ आर्थिक अपराध का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा और झारखंड की जनता छात्रों द्वारा जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चलाये जा रहे आंदोलन के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि भ्रष्ट तरीके से हुई नियुक्तियों से राज्य के हितों को नुकसान पहुंचेगा.

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि जेपीएससी की परीक्षाएं वर्ष 2021-22 से टीडीपीएल कंपनी संचालित कर रही है और 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षा की अनियमितताएं किसी से छिपी नहीं हैं. वहीं जेएसएससी की परीक्षाएं कोलकाता की वेबेल कंपनी कराती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि टीडीपीएल के मार्केटिंग हेड मनोज तिवारी उर्फ उज्ज्वल तिवारी तथा वेबेल से जुड़े मिथिलेश सिंह इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि सीजीएल परीक्षा के दौरान पैसे लेने वाले अभ्यर्थियों को बिहार, पश्चिम बंगाल, नेपाल और रांची के होटलों में प्रश्नपत्र याद कराये गये.

उन्होंने कहा कि यह तथ्य सीआइडी जांच में भी सामने आया है. मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों को छिपाने के लिए इंटरनेट सेवा बंद करायी, जबकि परीक्षा में अनियमितता पहले ही हो चुकी थी. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola