कहरा में पोखर से युवक का शव मिलने पर सनसनी, जमीन विवाद में हत्या की आशंका, सड़क जाम कर परिजनों का प्रदर्शन

फोटो- घटना स्थल पर जमा लोगों के बीच विलाप करते परिजन फोटो
सहरसा के नाथ बाबा पोखर से मिले युवक के शव ने इलाके में सनसनी फैला दी है. परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते युवक की हत्या कर शव को पोखर में फेंका गया. इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर न्याय की मांग की.
Saharsa Murder Suspected: सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के कहरा वार्ड संख्या-42 स्थित नाथ बाबा पोखर से गुरुवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान कहरा गांव निवासी राम लखन कामत के 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
बुधवार से लापता था युवक
परिजनों ने बताया कि सोनू कुमार बुधवार दोपहर से घर से लापता था. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार को नाथ बाबा पोखर में शव मिलने की सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई.
शव पर चोट के निशान, हत्या का आरोप
परिजनों का दावा है कि शव के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर जख्म के निशान थे. उनका आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पोखर में फेंक दिया गया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
जमीन विवाद को बताया हत्या की वजह
मृतक के पिता राम लखन कामत ने बताया कि रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित प्रेमलता कॉलेज के समीप एक जमीन को लेकर पिछले लगभग एक वर्ष से स्थानीय अरविंद पौद्दार, अनिल पौद्दार सहित अन्य लोगों के साथ विवाद चल रहा था. उनके अनुसार बुधवार को भी इसी जमीन को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसे स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में शांत कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के कारण सोनू कुमार की हत्या की गई.
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद का मामला पिछले छह माह से सदर थाना में लंबित था, लेकिन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की. उनका कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती.
शव रखकर किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित लोगों ने रिफ्यूजी कॉलोनी चौक पर शव रखकर कई घंटे तक सड़क जाम किया. प्रदर्शनकारियों ने उच्चस्तरीय जांच, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा जिला पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की. जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.
पुलिस ने जांच शुरू की
Saharsa Murder Suspected: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. सदर एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की. बाद में पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे. साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और जमीन विवाद के पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










