सिमरी बख्तियारपुर में बनहा चौक से स्टेशन चौक तक बनेगी नई सड़क, 1.55 करोड़ की परियोजना से जाम और आवागमन की समस्या होगी दूर

विज्ञापन
अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सहर्सा के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी एक महत्वपूर्ण सड़क अब नए स्वरूप में नजर आएगी. 1.55 करोड़ रुपये की लागत से 16 फीट चौड़ी बनने वाली यह सड़क कांवड़ यात्रा से पहले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन सुगम बनाएगी.

विज्ञापन

Saharsa News: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी एक महत्वपूर्ण सड़क अब नए स्वरूप में नजर आने वाली है. बनहा चौक हनुमान मंदिर के समीप से कानू टोला, हाई स्कूल पोखर होते हुए स्टेशन चौक तक जाने वाली सड़क का निर्माण करीब 1.55 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा. सड़क 16 फीट चौड़ी बनाई जाएगी और प्रशासन की कोशिश है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले इसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए उपयोगी बना दिया जाए.

यह सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों, छात्रों और कांवड़ यात्रा के दौरान गुजरने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी. अब निर्माण प्रक्रिया तेज होने से क्षेत्र में राहत की उम्मीद बढ़ गई है.

वर्षों से जर्जर सड़क को मिलेगा नया रूप

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 28 में स्थित यह सड़क लंबे समय से बदहाल थी. बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो जाता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्टेशन, बाजार और आसपास के इलाकों तक पहुंचते हैं.

कांवड़ यात्रा के दौरान भी हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसलिए सड़क निर्माण को धार्मिक और सार्वजनिक सुविधा दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद तेज हुई प्रक्रिया

सड़क निर्माण को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय के हस्तक्षेप के बाद विभागीय प्रक्रिया में तेजी आई है. उनके निर्देश पर बुधवार को बुडको की कनिष्ठ अभियंता पूजा कुमारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने प्रस्तावित सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया और संबंधित एजेंसी को जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया.

Saharsa News: टेंडर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी

बुडको की कनिष्ठ अभियंता पूजा कुमारी ने बताया कि सड़क निर्माण योजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. संवेदक को वर्क ऑर्डर जारी कर एग्रीमेंट की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है.

उन्होंने बताया कि अब निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी अंतिम चरण में है और कांवड़ यात्रा को देखते हुए संवेदक को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है.

मुख्य बाजार के लिए मिलेगा वैकल्पिक मार्ग

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने कहा कि सड़क बनने के बाद नगर क्षेत्र को मुख्य बाजार तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा.

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के साथ-साथ बड़े वाहनों की आवाजाही भी इस मार्ग से सुगम होगी, जिससे मुख्य बाजार में लगने वाले जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है.

व्यापारियों और श्रद्धालुओं को होगा सीधा लाभ

नगर सभापति प्रतिनिधि हस्सान आलम ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि इस मार्ग से हर वर्ष हजारों कांवड़िया श्रद्धालु गुजरते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था.

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से स्थानीय व्यापारियों, छात्रों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं सभी को लाभ मिलेगा. बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.

गुणवत्ता और समय पर निर्माण पर रहेगा जोर

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए. निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक सुरभि कुमारी, प्रभारी टैक्स दारोगा हसनैन मोहसिन, भीम कुमार, दीपक कुमार झा, सहनान आलम, ऋतुराज, रागिब आलम, बीरबल कुमार, सोहन कुमार, फैजान आलम, दीपक कुमार, सुमित कुमार, मिथुन कुमार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.

फिलहाल प्रशासन का दावा है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और कांवड़ यात्रा से पहले सड़क को उपयोगी स्थिति में लाने का प्रयास किया जाएगा.

Also Read: नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के प्रशांत किशोर, जक्कनपुर थाना पहुंचे; बोले- सरकार बताए हमारे लोग कहां हैं

Also Read: बेऊर जेल से बाहर आते ही गरजे माले विधायक संदीप सौरव, बोले-ये तो सिर्फ शुरुआत है, आगे इससे भी बड़ा आंदोलन होगा


विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन