श्रीनगर में 2 ब्रॉन्ज मेडल जीत चमके प्रशांत वर्मा, अब जापान में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

प्रशांत वर्मा (फोटो—सोशल मीडिया)
उत्तर प्रदेश के युवा सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रशांत वर्मा ने श्रीनगर में दो कांस्य पदक जीतकर अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है. उनका चयन अब जापान में होने वाली प्रतिष्ठित इंटरनेशनल हाई स्कूल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है, जिससे पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है.
Prashant Sharma: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के युवा सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रशांत वर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है. श्रीनगर में आयोजित नॉर्थ जोन नेशनल चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीतने के बाद अब उनका चयन जापान में होने वाली प्रतिष्ठित इंटरनेशनल हाई स्कूल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है. इस उपलब्धि के बाद सुल्तानपुर और पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी का माहौल है.
सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में लेंगे भाग
कादीपुर तहसील के निवासी और रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र प्रशांत वर्मा ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है. अब वह 8 से 12 अगस्त 2026 के बीच जापान के फुकुचियामा शहर में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल हाई स्कूल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (ASTFI) ने उनके चयन की आधिकारिक पुष्टि की है.
श्रीनगर में जीते दो कांस्य पदक
हाल ही में 27 से 29 जून तक जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित तीसरी नॉर्थ जोन नेशनल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में प्रशांत ने शानदार प्रदर्शन किया. पुरुष वर्ग में खेलते हुए उन्होंने दो स्पर्धाओं में कांस्य पदक अपने नाम किए. उन्होंने मेंस टीम इवेंट और मिक्स टीम इवेंट दोनों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
पहले भी कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
यह पहली बार नहीं है जब प्रशांत को भारत की जर्सी पहनने का मौका मिला हो. इससे पहले उनका चयन भारतीय अंडर-21 टीम में द्वितीय एशियन जूनियर सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए हुआ था. यह प्रतियोगिता 3 से 8 फरवरी 2026 के बीच पंजाब के लुधियाना में आयोजित की गई थी, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया.
जापान में पदक जीतने पर नजर
राष्ट्रीय और एशियाई स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब प्रशांत की नजर जापान में देश के लिए पदक जीतने पर है. इस चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट की तैयारी के लिए वह अपने कोच मुस्कान यादव और राज पांडे के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर रहे हैं. विशेष प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास के जरिए वह अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं.
Also Read: टीम के लिए की कड़ी मेहनत, रहाणे के रिटायरमेंट पर बोले सचिन-सहवाग समेत कई दिग्गज प्लेयर्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










