हरिगिरिधाम में श्रावणी मेले का मंत्री ने शुभारंभ किया, श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने पर जोर

हरिगिरिधाम में कार्यक्रम का उदघाटन करते अतिथि नृत्य प्रस्तुत करती रत्न प्रिया कार्यक्रम में शामिल गणमान्य लोग | Prabhat Khabar Network
बाबा हरिगिरिधाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ बिहार सरकार के मंत्री संजय पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया. मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने और हरिगिरिधाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया.
Begusarai News : बाबा हरिगिरिधाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ गुरुवार को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ. उर्मिला ठाकुर, चेरियाबरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
हरिगिरिधाम महोत्सव के लिए कला एवं संस्कृति विभाग देगा पांच लाख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने कहा कि बाबा हरिगिरिधाम की बढ़ती ख्याति के कारण यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार उनके प्रयास से हरिगिरिधाम महोत्सव का आयोजन हो रहा है, जिसके लिए कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पांच लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और सावन माह में वह दो बार सिमरिया से हरिगिरिधाम आएंगे.
मुख्यमंत्री के आगमन की जताई उम्मीद
मंत्री ने कहा कि अगले वर्ष बिहार के मुख्यमंत्री के हरिगिरिधाम आने का पूरा प्रयास किया जाएगा. उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा व्यवस्था और मेले की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने का अनुरोध किया. साथ ही समिति की मांगों को पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया.
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
चेरियाबरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद ने कहा कि बाबा हरिगिरिधाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की पूरी संभावना है और वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे. एमएलसी डॉ. उर्मिला ठाकुर ने कहा कि अब मंदिर समिति की अध्यक्षता सरकारी अधिकारी के पास होने से जिला प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. हसनपुर विधायक राजकुमार राय ने कहा कि हरिगिरिधाम में बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं.
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और बाबा हरिगिरिधाम का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया. मंच संचालन बीपीआरओ समीक्षा झा ने किया.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. बखरी की कथक नृत्य में गोल्ड मेडल विजेता रतन प्रिया ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी. उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान और एमएलसी डॉ. उर्मिला ठाकुर ने 5,100-5,100 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इसके अलावा सच्चिदानंद पाठक एवं लोक गायिका आरती ने भी भक्ति गीतों और लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य किरण कुमारी, प्रखंड प्रमुख अमोल देवी, एसडीओ सन्नी कुमार, डीएसपी कुंदन कुमार, लोजपा जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी, पूर्व विधायक रामानंद राम, उपेंद्र पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष निरंजन झा, बीडीओ अखिलेश कुमार, सीओ लालबाबू कुमार, इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, समिति के सचिव विकास कुमार सिंघानिया, कोषाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










