23 शराब भट्ठियां ध्वस्त
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 30 May 2026 10:53 PM
उत्पाद विभाग की छापेमारी
हजारीबाग. अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने को लेकर उत्पाद विभाग ने शनिवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के सलगावां हरिजन टोला और लुटा में छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान सलगावां हरिजन टोला में आठ तथा लुटा क्षेत्र में 10 शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. इसके अलावा सलगावां के पांच अलग-अलग घरों में संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर भी कार्रवाई की गयी. कार्रवाई के दौरान कुल 23 शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. टीम ने घटनास्थल और आसपास छिपाकर रखे लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया. वहीं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और बर्तन जब्त किये गये. छापेमारी में करीब 220 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद की गयी. उत्पाद विभाग इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है. छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक भुनेश्वर नायक, सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह और सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे.
अपर लोक अभियोजक सेवानिवृत्त
हजारीबाग. अपर लोक अभियोजक एंजेलिना बारला 30 मई को सेवानिवृत्त हो गयीं. इस मौके पर उन्हें विदाई दी गयी. उन्होंने वर्ष 2010 में बतौर सहायक लोक अभियोजक कोडरमा जिला में अपना योगदान दिया था. उनके कार्यों के कारण सभी उन्हें आयरन लेडी भी कहा करते थे. प्रोन्नति मिलने के बाद हजारीबाग जिला में वर्ष 2024 में अपना योगदान दिया. वर्तमान में वह विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो के पद पर कार्य कर रही थीं. कार्यक्रम में लोक अभियोजन कार्यालय के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. सभी ने उनके कार्यों की प्रशंसा की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










