16 भट्ठियां ध्वस्त, 370 लीटर देसी शराब जब्त
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 29 May 2026 9:40 PM
1400 किलो जावा नष्ट
हजारीबाग. जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग के छापामारी दल ने विभिन्न स्थानों से 1400 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया तथा 370 लीटर चुलाई शराब जब्त की. यह कार्रवाई उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में की गयी. उत्पाद विभाग की टीम ने सदर और बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को छापेमारी अभियान चलाया. इस क्रम में हुरहुरु में चार, कुम्हारटोली में सात तथा पारनाला क्षेत्र में गहरे नाले के किनारे संचालित की जा रही पांच अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया. छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गयी. अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल और आसपास छिपाकर रखे गये लगभग 1400 किलोग्राम किण्वन योग्य जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा करीब 370 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब बरामद की गयी.
संलिप्तों की पहचान कर प्राथमिकी की तैयारी
उत्पाद विभाग के अनुसार मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है. उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. विभाग के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










