डेढ़ किलो अफीम, एक किलो कच्चा अफीम व तीन किलो गांजा बरामद

Updated at : 08 Apr 2026 9:12 PM (IST)
विज्ञापन
डेढ़ किलो अफीम, एक किलो कच्चा अफीम व तीन किलो गांजा बरामद

गुमला व सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टीम ने की होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच

विज्ञापन

गुमला. गुमला जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच पुलिस को एक बड़ी और चौंकाने वाली सफलता हाथ लगी है. मंगलवार की देर रात गुमला व सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टीम ने जब एक साथ कई होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट पर धावा बोला, तो अंदर का नजारा देख कर सन्न रह गयी. बाहर से खाने-पीने के ठिकाने दिखने वाले ये स्थान दरअसल नशे के काले कारोबार के अड्डे बन चुके थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब डेढ़ किलो अफीम, तीन किलो गांजा और लगभग एक किलो कच्चा अफीम बरामद किया है. इस कार्रवाई में तीन बड़े नाम बलराम साहू, उमेश साहू और कमल सिंह को हिरासत में लिया गया है. ये तीनों कोई मामूली लोग नहीं, बल्कि इलाके के चर्चित होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट के मालिक बताये जा रहे हैं, जो लंबे समय से इस अवैध धंधे को पर्दे के पीछे से चला रहे थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुप्त स्थान पर रख कर पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती पूछताछ में ही कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि यह कोई छोटा-मोटा नेटवर्क नहीं, बल्कि नशे का एक संगठित और गहराई तक फैला सिंडिकेट है. पंजाब जेल से छूट कर आया है कमल: गुमला व सिसई पुलिस को उनके पास से भारी मात्रा में नगद राशि भी मिली है, जिसे अवैध कारोबार कमाई मानी जा रही है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हिरासत में लिया गया कमल सिंह पहले भी नशे के बड़े मामले में पकड़ा जा चुका है. पांच जुलाई 2024 को पंजाब के फाजिल्का जिले की पुलिस ने उसे 66 किलो अफीम के साथ उसके ही रेस्टोरेंट से गिरफ्तार किया था. उस वक्त वह लंबे समय तक जेल में रहा और हाल ही में बाहर आया था. लेकिन जेल से निकलते उसने फिर उसी पुराने रास्ते को चुन लिया. पुलिस ने एक ब्रेजा गाड़ी भी जब्त की है, जिसे गुमला थाना में रखा गया है. शराब के बाद अफीम का कारोबार : बलराम साहू का नाम भी पहले से अपराध की दुनिया में चर्चित रहा है. हाल ही में उसे अवैध शराब के कारोबार में पकड़ जेल भेजा गया था. अब एक बार फिर उसका नाम नशे के बड़े नेटवर्क में सामने आना यह साबित करता है कि जिले में नशे के कारोबारियों के हौसले किने बुलंद हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मिले सुरागों के आधार पर आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. कई अन्य नाम भी जांच के दायरे में हैं और गिरफ्तारियां होने की संभावना है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए ताकत झोंक चुकी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola