व्यवसायी से ठगी मामले में मणिपुर का युवक गिरफ्तार, जेल

गुमला निवासी अकबर खान के एचडीएफसी बैंक के दो खातों से इंफाल के साइबर ठगों ने उड़ाये थे 8.45 लाख रुपये
गुमला. गुमला के एक व्यवसायी से 8.45 लाख रुपये साइबर ठगी के मामले में गुमला पुलिस ने कार्रवाई की है. इस मामले में गुमला पुलिस ने मणिपुर के इंफाल जिला अंतर्गत लामलाई थाना क्षेत्र के खरासोन माखा लेकई निवासी लुकाराम देवान मेतई के पुत्र लुकराम दिनेश मेतई (19) को उसी के गांव से गिरफ्तार किया है. गुमला पुलिस उसे गुमला लेकर आयी और पूछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुमला निवासी अकबर खान के एचडीएफसी बैंक गुमला में दो खातों से 8.45 लाख रुपये की साइबर ठगी की गयी थी. ठगी का शिकार होने के बाद अकबर खान ने गुमला थाना में मामला दर्ज कराया था. मामला दर्ज होने के बाद अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आयी कि वादी अकबर खान के दो खाता से यूको बैंक लालालोन ब्रांच के खाता संख्या 299700110126219 में 10.75 लाख रुपये स्थानांतरित किया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी गुमला के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. दल में एसडीपीओ सुरेश कुमार यादव, थाना प्रभारी महेंद्र करमाली व पुअनि गौतम वर्मा समेत गुमला थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसडीपीओ ने बताया कि खाताधारक संदिग्ध के नाम व पता सत्यापन के क्रम में यह बात सामने आयी कि यूको बैंक लालालोन ब्रांच के खाता संख्या 29970110126219 के धारक लुकराम दिनेश मेतई द्वारा अपने सेल्फ चेक के माध्यम से स्वयं ब्रांच जाकर आठ लाख रुपये की निकासी की गयी है. इसके बाद लुकाराम दिनेश मेतई को विधिवत रूप से गिरफ्तार कर इंफाल कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड कर गुमला लाया गया. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तारी के क्रम में कांड में उपयोग किये गये दो मोबाइल फोन (आई. फोन व रियलमी-9), एक बुलेट मोटरसाइकिल, सेल्फ चेक, बैंक का सीसीटीवी फुटेज, तीन एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों का पासबुक व चेकबुक तथा 245 रुपये नगद बरामद किया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया है. पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा साइबर ठगी के खेल में शामिल अन्य लोगों के बारे में बताया गया है. उस पर भी कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




