हैदराबाद में गुमला का युवक बंधक, परिजनों को मिली धमकी

युवक के पिता ने एसपी को लिखित आवेदन देकर लगायी है न्याय की गुहार
गुमला. जिले के जारी थाना अंतर्गत सीसी करमटोली निवासी मनीजर भारती ने अपने पुत्र गगन भारती के अपहरण और उसे अवैध रूप से बंधक बना कर रखने के मामले में एसपी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. युवक के पिता का आरोप है कि उनके 18 वर्षीय पुत्र को गांव के ही कुछ दबंगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत गायब कर दिया है और अब उसे हैदराबाद में बंधक बना कर रखा गया है. पिता ने बताया कि 20 अगस्त 2025 को जब गगन भारती मोबाइल रिचार्ज कराने के नाम पर घर से निकला और वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की और थाना में सनहा भी दर्ज कराया. पिता का आरोप है कि गांव के ही विष्णु नायक, पूजा कुमारी और बिगल नायक ने मिल कर उनके पुत्र को बहला-फुसला कर हैदराबाद भेज दिया. उन्हें जानकारी मिली है कि गगन को वहां बंधक बना कर मजदूरी करायी जा रही है और उसके बैंक खाते एवं एटीएम कार्ड को भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले रखा है. इस मामले को लेकर 26 अप्रैल 2026 को गांव में बैठक बुलायी गयी थी. आरोप है कि जब मनीजर भारती ने अपने पुत्र के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने न केवल जानकारी देने से मना किया, साथ ही आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर बेटे को खोजने आओगे, तो मार डालेंगे. उन्होंने अपमानजनक टिप्पणी करते हुए गाय का मांस खिलाने और गंभीर परिणाम भुगतने की बात भी कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










