सुपौल में श्राद्ध भोज में दाल से निकली मृत छिपकली, 150 से अधिक लोग बीमार

Updated:
विज्ञापन

दाल में मिली मरी हुई मछली

Supaul News: सुपौल के त्रिवेणीगंज में एक श्राद्ध भोज उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन के दौरान दाल में मृत छिपकली मिलने की सूचना सामने आई. देखते ही देखते 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी.

विज्ञापन

त्रिवेणीगंज (सुपौल) से दीपक कुमार की रिपोर्ट

Supaul News: जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत अंतर्गत दतुआ वार्ड संख्या 10 में रविवार देर शाम आयोजित एक श्राद्ध भोज के दौरान बड़ा हादसा हो गया. भोज में परोसी गई दाल में मृत छिपकली मिलने की चर्चा फैलते ही लोगों में दहशत फैल गई. कुछ ही देर में भोज में शामिल 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

दाल में मृत छिपकली मिलने की खबर से मची भगदड़

जानकारी के अनुसार दतुआ वार्ड संख्या 10 निवासी छोटकेलाल यादव के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे. इसी दौरान भोजन परोसने के क्रम में दाल में मृत छिपकली मिलने की सूचना फैली. इसके बाद कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी.

घटना की खबर फैलते ही भोज स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रभावित लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं.

एक साथ 150 से अधिक मरीज पहुंचने से अस्पताल में बढ़ी हलचल

परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी प्रभावित लोगों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया. एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ बीएन पासवान के नेतृत्व में मरीजों का उपचार शुरू किया गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध करायीं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

Supaul News: स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती और स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची. अधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और इलाज व्यवस्था की समीक्षा की.

अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है. किसी भी व्यक्ति की हालत गंभीर नहीं बतायी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना भोज

श्राद्ध भोज में भोजन की गुणवत्ता को लेकर हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि बड़े आयोजनों में भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

घटना के बाद इलाके में लोग खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: बिहार के अमीन और राजस्व कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, सरकार ने शुरू की फेजवाइज प्रमोशन प्रोसेस

एनकाउंटर पर क्या है सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन? भरत तिवारी मामले के बाद शुरू हुई बहस

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन