रील बनाने के दौरान कोसी नदी में गिरा युवक, घंटों बाद भी नहीं मिला सुराग : सर्च ऑपरेशन जारी

Updated:
विज्ञापन

बराज पर भीड़ | Prabhat Khabar Network

वीरपुर कोसी बराज के गेट नंबर 12 के पास रील बनाते समय एक युवक नदी में गिर गया। नेपाल एनडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

विज्ञापन

सुपौल : कोसी बराज के डाउन स्ट्रीम में सोमवार की अहले सुबह करीब ढाई बजे रील बनाने के दौरान एक युवक तेज बहाव वाली नदी में गिरकर लापता हो गया. हादसा बराज के गेट संख्या 12 के समीप हुआ. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर युवक की तलाश शुरू की गयी, लेकिन घंटों की खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार सुबह नेपाल से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था.

आपके शहर में

विज्ञापन

दोस्तों के साथ कोसी बराज पहुंचा था युवक

लापता युवक की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के सुरसर निवासी करीब 30 वर्षीय संजीत कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि सावन की तीसरी सोमवारी पर संजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ कोसी बराज पहुंचा था. सभी श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान कर जल लेकर शिवालय में जलाभिषेक करने की तैयारी में थे.

इसी दौरान संजीत दोस्तों के साथ कोसी बराज के गेट संख्या 12 के डाउन स्ट्रीम में रील बनाने लगा. रील बनाने के क्रम में अचानक उसका हाथ फिसल गया और वह तेज बहाव वाली नदी में जा गिरा. हादसे के समय बराज का गेट खुला हुआ बताया जा रहा है.

पूरी रात चला तलाश अभियान

युवक के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही बराज पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गेट संख्या 12 और 13 को बंद करने की मांग की. स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी युवक की तलाश करायी गयी, लेकिन सफलता नहीं मिली.

पूरी रात खोजबीन के बावजूद संजीत का कोई पता नहीं चल सका. सोमवार सुबह करीब आठ बजे नेपाल से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डाउन स्ट्रीम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल

एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल के आसपास नदी के डाउन स्ट्रीम में युवक की तलाश कर रही है. युवक के लापता होने के बाद परिजनों और उसके साथ आए दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद बराज क्षेत्र में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच भी मायूसी का माहौल बना हुआ है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन