तकनीकी स्वीकृति के इंतजार में पांच सड़कें, रायडीह-पालकोट के 50 से अधिक गांवों को नहीं मिल रही राहत

Updated:
विज्ञापन
डिजिटल : तकनीकी स्वीकृति नहीं मिलने के कारण अटकी 40 करोड़ की सड़क

गुमला के रायडीह और पालकोट में 40 करोड़ की सड़क परियोजना तकनीकी स्वीकृति न मिलने के कारण 2023 से अटकी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

गुमला: रायडीह और पालकोट प्रखंड में पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति नहीं मिल रही है. जबकि आरईओ विभाग और गुमला प्रशासन वर्ष 2023 से इन सड़कों के निर्माण के लिए प्रयासरत है. अब तक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है. इन पांच सड़कों की कुल लंबाई करीब 32 किलोमीटर है, जबकि निर्माण की अनुमानित लागत करीब 40 करोड़ रुपये है. रायडीह और पालकोट प्रखंड के दूरस्थ गांवों को जोड़ने के लिए गुमला के पूर्व उपायुक्तों ने भी लगातार प्रयास किया था.

इन सड़कों के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. कई बार मरीजों को खटिया पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जिले के वरीय अधिकारियों से मुलाकात की है. सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव भी किया था और स्थानीय विधायकों के खिलाफ नाराजगी जताई थी. हालांकि, अब तक सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है.

गुमला उपायुक्त के स्तर से कई बार विभाग को पत्र लिखा गया है. वहीं अधीक्षण अभियंता ने भी पांचों सड़कों की सूची तैयार कर मुख्य अभियंता, झारखंड सरकार के समक्ष प्रस्तुत की है और तकनीकी स्वीकृति देने की मांग की है. इसके बावजूद अब तक स्वीकृति नहीं मिलने से सड़क निर्माण लंबित है. इन सड़कों के बनने से जंगल और पहाड़ से घिरे लालमाटी, नीच डुमरी, सुआली, मरचाईपाट, सोकराहातु, बनईडेगा, पुजारटोली, लोहराटोली, अंबाटोली सहित 50 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा. इन गांवों में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं, जिनमें विलुप्तप्राय आदिम जनजाति के लोग भी शामिल हैं.

इन 5 सड़कों की अनुमानित लागत है करीब 40 करोड़

योजनाओं में रायडीह कांसीर से नीच डुमरी तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 439.730 लाख रुपये, डुमरी सुआली मरचाईपाट सड़क की लंबाई 6.050 किलोमीटर और लागत 1088.557 लाख रुपये, रायडीह लालमाटी से सोकराहातु तक 10.275 किलोमीटर सड़क की लागत 1300.160 लाख रुपये, पालकोट बनईडेगा से पुजारटोली तक 3.406 किलोमीटर सड़क की लागत 594.051 लाख रुपये तथा पालकोट से लोहराटोली अंबाटोली तक 6.30 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 671.139 लाख रुपए है.


विज्ञापन
दुर्जय पासवान

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola