बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में श्रावणी मेले का शुभारंभ, कलश यात्रा के साथ गूंजा 'बोल बम' का जयघोष

कलशयात्रा में शामिल पदाधिकारी व अन्य शिवभक्त
Gopalganj News : बैकुंठपुर के बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में सावन महोत्सव का आगाज हुआ। कलश यात्रा और जलाभिषेक के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
Gopalganj News : प्रखंड क्षेत्र के सिंहासनी स्थित बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में गुरुवार से एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेला एवं पूजा महोत्सव का शुभारंभ हो गया. कलश जलयात्रा और भव्य शोभायात्रा के साथ भगवान शिव के जलाभिषेक की शुरुआत की गई. 'बोल बम', 'हर-हर महादेव' और 'जय शिव' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ जलभरण
मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा खजुहट्टी गांव होते हुए मीरा टोला बाजार पहुंची और वहां से कतालपुर स्थित बच्चा बाबू के पोखर तक गई. यहां मुख्य आचार्य राधेश्याम पांडेय उर्फ मुन्ना बाबा, सहयोगी पंडित संतोष तिवारी और संजय तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गंगा पूजन एवं जलभरण कराया. इसके बाद श्रद्धालु कलश में जल लेकर सिंहासनी स्थित मंदिर पहुंचे और बाबा धनेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग का जलाभिषेक किया.
हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए. श्रद्धालु सिर पर कलश रखकर 'बोल बम' और 'जय शिव' के जयघोष के साथ मंदिर पहुंचे. श्रावणी मेले के पहले दिन रुद्राभिषेक के बाद भगवान शिव का गाय के दूध और गन्ने के रस से अभिषेक किया गया.
सुबह से दोपहर तक चलता रहा पूजा-अर्चना का क्रम
मंदिर में सुबह पांच बजे से रुद्राभिषेक शुरू हुआ, जो सुबह नौ बजे तक चला. इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा. श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ अब मंदिर परिसर में एक माह तक धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहेगी.
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शोभायात्रा और धार्मिक आयोजन में प्रखंड विकास पदाधिकारी नंदकिशोर साह, अंचल पदाधिकारी शिवम श्रीवास्तव, पुलिस इंस्पेक्टर रामबाबू कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर संजय कुमार सहित पुलिस बल तैनात रहा. इसके अलावा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निजी सचिव रवि कुमार तिवारी, मुखिया नागेंद्र सिंह, सरपंच मंजर हुसैन, पूर्व सरपंच संजय शुक्ला, बीडीसी सदस्य विजय ओझा, मुख्य यजमान एवं मंदिर पुजारी लालबाबू गिरी, प्रेमनारायण गिरी, पवन गिरी, देवेंद्र सिंह, दीपक पुरी, जयनाथ गिरी, भीम गिरी, राजकिशोर गिरी, सूरज गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










