इग्नू जुलाई सत्र 2026 में नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन का कल आखिरी मौका, अपार आईडी के बिना नहीं होगा आवेदन

गोपालगंज का इग्नू अध्ययन केंद्र
Gopalganj News : इग्नू जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। अपार आईडी के बिना आवेदन स्वीकार नहीं होगा, जल्द ही अपनी प्रक्रिया पूरी करें।
Gopalganj News : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई 2026 सत्र में नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों के लिए अब केवल 31 जुलाई तक का समय बचा है. विश्वविद्यालय ने आवेदन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की है. निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थियों को अगले सत्र का इंतजार करना पड़ सकता है.
ओडीएल और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए अपार आईडी अनिवार्य
इस बार इग्नू ने प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन मोड के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अपार आईडी अनिवार्य कर दी है. बिना अपार आईडी के किसी भी विद्यार्थी का ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसके चलते गोपालगंज समेत आसपास के जिलों के विद्यार्थियों में अंतिम समय में आवेदन को लेकर हलचल बढ़ गई है.
पहले बनाएं अपार आईडी, फिर करें आवेदन
गोपालगंज के कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार जुलाई सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया जारी है. अध्ययन केंद्र ने विद्यार्थियों से पहले अपार आईडी बनवाने की अपील की है. अपार आईडी के बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी. साथ ही अंतिम समय तक इंतजार नहीं करने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक दबाव के कारण तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं.
आवेदन करते समय इन दस्तावेजों का रखें ध्यान
ऑनलाइन आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में विद्यार्थी अपना ही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करें. किसी साइबर कैफे या अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी और विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं, जिससे बाद में परेशानी हो सकती है.
री-रजिस्ट्रेशन नहीं कराया तो होगी परेशानी
इग्नू ने पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि भी 31 जुलाई निर्धारित की है. समय पर री-रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर की पढ़ाई, असाइनमेंट जमा करने और परीक्षा में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है. विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि नामांकन की पुष्टि होने के बाद पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं.
कम खर्च में उच्च शिक्षा का बेहतर विकल्प
कम खर्च में घर बैठे उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा के कारण गोपालगंज और आसपास के जिलों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी हर वर्ष इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन लेते हैं. ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अब तक आवेदन या री-रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके लिए 31 जुलाई अंतिम अवसर है. इसके बाद उन्हें अगले सत्र के शुरू होने तक इंतजार करना पड़ेगा.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










