समिति की तरफ से उठाये गये सभी बिंदुओं पर की जायेगी कार्रवाई : डीडीसी

गुमला में होली को लेकर शांति समिति की बैठक
गुमला. उपविकास आयुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुमला में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी. बताया गया कि दो मार्च की रात 12 बजे के बाद होलिका दहन संपन्न होगा. तीन मार्च को कुछ स्थानों पर होली मनायी जायेगी, जबकि चार मार्च को रंगों का मुख्य पर्व मनाया जायेगा. समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, बिजली, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया. गर्मी को देखते हुए होली के दिन नगर क्षेत्र में कम-से-कम दो बार जलापूर्ति करने का अनुरोध किया गया. साथ ही विद्युत तारों की मरम्मत, ट्रांसफॉर्मरों की जांच तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठायी गयी. नगर क्षेत्र में गड्ढों की मरम्मत, गली-मुहल्लों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पालकोट रोड स्थित श्मशान घाट की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गयी. पेट्रोलिंग व्यवस्था सुदृढ़ रखने, केमिकल मुक्त रंगों के उपयोग को बढ़ावा देने, पशुओं के आवागमन पर नियंत्रण रखने तथा होली के दिन दिन के समय बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के सुझाव भी दिये गये. उपविकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला जिला आपसी सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता है, जहां सभी धर्मों के पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाये जाते हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति द्वारा उठाये गये सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिये जायेंगे. उन्होंने जानकारी दी कि होली के दिन ड्राई डे रहेगा और शराब की दुकानें बंद रहेंगी. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को बिजली, पानी व साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं. राजीव नीरज ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था व साफ-सफाई को लेकर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं फेक न्यूज से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल संबंधित थाना या जिला प्रशासन को देने की अपील की. मुख्यालय डीएसपी वीरेंद्र टोप्पो ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने स्तर पर शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि होली के दिन सुबह सात बजे से बाहरी बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण का प्रयास किया जायेगा. संभावित संवेदनशील चौक-चौराहों पर पूर्व से ही पुलिस बल की तैनाती की जायेगी तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों की सतत निगरानी रखी जायेगी. बैठक में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया जयवंती देवगम, जिला नजारत उप समाहर्ता ललन कुमार रजक, जिला सामान्य शाखा पदाधिकारी खाखा सुशील कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




