600 सिलिंडर बैकलॉग, जल्द सामान्य होगी आपूर्ति

Updated at : 08 Apr 2026 9:05 PM (IST)
विज्ञापन
600 सिलिंडर बैकलॉग, जल्द सामान्य होगी आपूर्ति

रसोई गैस संकट पर नगर परिषद सख्त, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने गैस एजेंसी का किया निरीक्षण

विज्ञापन

गुमला. रसोई गैस की किल्लत और उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव व उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने स्थानीय गैस एजेंसी का दौरा किया. जनप्रतिनिधियों ने गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए वितरण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालक से वर्तमान स्टॉक, आपूर्ति की आवृत्ति और दैनिक खपत के आंकड़ों पर चर्चा की गयी. विशेष रूप से बैकलॉग की स्थिति की समीक्षा की गयी, जिसमें लगभग 600 सिलिंडरों का बैकलॉग सामने आया. हालांकि संचालक ने आश्वस्त किया कि स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है. एजेंसी द्वारा पारदर्शिता बनाये रखने के लिए उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के क्रम के अनुसार कॉल कर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. प्राथमिकता इस बात पर दी जा रही है कि उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन मिल सके. संचालक ने दावा किया कि आने वाले कुछ दिनों में आपूर्ति पूरी तरह सुचारू हो जायेगी. निरीक्षण के दौरान मौजूद व्यवस्थाओं और वितरण प्रणाली को देख कर जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही सख्त निर्देश भी दिये कि किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने कहा कि गैस जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित करना एजेंसी की जिम्मेदारी है. उन्होंने वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता पर जोर दिया. वहीं, उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने प्रबंधन को सुझाव दिया कि उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संवाद बनाये रखें, ताकि अफवाहों और अफरा-तफरी की स्थिति से बचा जा सके. निरीक्षण के दौरान गैस वितरण की कतारें और वर्तमान स्टॉक की स्थिति संतोषजनक पायी गयी, जिससे जल्द संकट के खत्म होने की उम्मीद जतायी जा रही है. मौके पर गुलाम सरवर, अरुण गुप्ता, संदीप सिंह आदि मौजूद थे. उज्जवला योजना की बुकिंग से बढ़ा दबाव: सरकार की उज्जवला योजना के तहत बड़ी संख्या में लाभुकों को गैस कनेक्शन दिये गये थे, लेकिन महंगाई के कारण कई गरीब परिवार दोबारा लकड़ी से खाना बनाने लगे थे. हाल के दिनों में गैस संकट बढ़ने के बाद अचानक इन लाभुकों ने भी गैस सिलेंडर की बुकिंग शुरू कर दी है, जिससे मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और संकट गहरा गया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola