एक वर्षों से सोलर जलमीनार ठप, प्यास से जूझ रहे 30 घरों के ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन
एक वर्षों से सोलर जलमीनार ठप, प्यास से जूझ रहे 30 घरों के ग्रामीण

विश्वासखानी गांव के पंडित टोला में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान

विज्ञापन

महागामा प्रखंड क्षेत्र के विश्वासखानी गांव के पंडित टोला में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है. यहां लगा सोलर जलमीनार पिछले लगभग एक वर्ष से खराब पड़ा है, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. पंडित टोला में करीब 20-30 घर ऐसे हैं जहां पेयजल की गंभीर कमी से लोग जूझ रहे हैं. ग्रामीण मुनेश्वर पंडित, सुभाष पंडित, जोगिंदर पंडित, छोटेलाल पंडित, मनोज रजक, गीता देवी, सविता देवी और आरती देवी ने बताया कि पहले इसी जलमीनार से मोहल्ले की प्यास बुझती थी, लेकिन खराब होने के बाद लोग निजी घरों के समरसेबल या बहियार के बोरिंग वाले नल से पानी लाने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार खराब होने की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

गर्मी और रोजमर्रा का जीवन प्रभावित

गांव के अधिकांश परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन कर रहे हैं और मजदूरी कर किसी तरह गुजारा करते हैं. ऐसे में रोज पानी की व्यवस्था करना उनके लिए अतिरिक्त बोझ बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि पानी लाने में ही आधा दिन निकल जाता है, जिससे काम-धंधा प्रभावित हो रहा है. बढ़ती गर्मी और पानी की मांग ने समस्या और गंभीर बना दी है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जलमीनार जल्द नहीं ठीक की गयी, तो आने वाले दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं. उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और जिला प्रशासन से जलमीनार की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस मूलभूत समस्या से राहत मिल सके.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola