परसा गांव के तालाब से दो सोलर सबमर्सिबल की चोरी
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 28 May 2026 9:57 PM
ग्रामीणों ने जतायी नाराजगी, पुलिस ने शुरू की जांच
बलबड्डा थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित बहियार में बने तालाब से बुधवार देर रात दो सोलर सबमर्सिबल पंप की चोरी हो गयी. यह तालाब समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना योजना के तहत विकसित किया गया था. घटना की जानकारी तब मिली जब गुरुवार अहले सुबह ग्रामीण तालाब पर पहुंचे. वहां सबमर्सिबल पंप लगाये गये स्थान पर दोनों उपकरण गायब पाये गये. इस घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गये. सूचना मिलने पर बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. बताया गया कि 9 मई को जेएसएलपीएस के माध्यम से परसा तालाब में सोलर प्लेट और समरसेबल पंप लगाये गये थे. इस योजना का उद्देश्य लगभग 50 एकड़ भूमि की सिंचाई सुनिश्चित करना था. इस योजना का उद्घाटन ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह द्वारा किया गया था. ग्रामीणों का कहना है कि अभी योजना का लाभ पूरी तरह शुरू भी नहीं हो पाया था कि उससे पहले ही समरसेबल पंप की चोरी हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और निराशा देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि विकास योजनाओं के उपकरणों की इस तरह चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










