लचर बिजली व्यवस्था से लोग परेशान, भीषण गर्मी में आपूर्ति ठप

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 18 May 2026 11:26 PM

विज्ञापन

-ठाकुरगंगटी में ट्रांसफार्मर खराब, आठ घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति

विज्ञापन

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र में बिजली की लचर व्यवस्था के कारण भीषण गर्मी में आम लोग परेशान हैं. बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में लगे बिजली उपकरण बंद पड़ जा रहे हैं, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को सुबह करीब आठ बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. जानकारी के अनुसार पावर सब स्टेशन में 5 केवीए का एक ट्रांसफार्मर तथा 3.15 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित है, जिसमें 3.15 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगभग आठ माह से खराब पड़ा है. केवल एक ट्रांसफार्मर के सहारे आपूर्ति जारी रहने के कारण उस पर अत्यधिक लोड पड़ रहा है. पावर सब स्टेशन के अंतर्गत चार फीडर हैं, जिनसे लगभग 100 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है. एक ही ट्रांसफार्मर पर अधिक दबाव के कारण नियमित आपूर्ति बाधित हो रही है. सोमवार को 5 केवीए ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. बताया गया कि वर्तमान में लगा ट्रांसफार्मर मेहरमा पावर सब स्टेशन का पुराना ट्रांसफार्मर है, जिसके कारण समय-समय पर इस तरह की समस्या उत्पन्न होती रहती है.

कर्मियों ने जताई नाराजगी, बेहतर व्यवस्था की मांग

कुछ कर्मियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मेहरमा पावर सब स्टेशन को नया उपकरण उपलब्ध कराया गया है, जबकि ठाकुरगंगटी क्षेत्र के साथ उपेक्षा का व्यवहार किया जा रहा है. यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है. कर्मियों ने कहा कि क्षेत्र में कम से कम 10 केवीए के ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है, ताकि लोड संतुलित रह सके. इस संबंध में सहायक अभियंता कंचन टुडू ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण सोमवार को कुछ घंटों के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही. खराब ट्रांसफार्मर को लेकर विभागीय स्तर पर बात चल रही है और जल्द ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola