पंचायत समिति की बैठक में जलमीनार और राशन वितरण की समस्या पर चर्चा
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 19 May 2026 10:50 PM
प्रमुख ने खराब हैंडपंप और जलमीनार की मरम्मत को प्राथमिकता देने का दिया निर्देश
ठाकुरगंगटी प्रखंड के सभागार कक्ष में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक सफलता पूर्वक संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता नव निर्वाचित प्रमुख नाजनी खातून ने की. बैठक में बीडीओ विजय कुमार मंडल भी उपस्थित रहे. बैठक की कार्यवाही परिचय प्राप्त कर शुभारंभ की गयी. प्रमुख नाजनी खातून ने बताया कि वर्तमान में चिलचिलाती धूप और गर्मी से पूरा जनजीवन प्रभावित है. आम लोग परेशान हैं, लेकिन खराब पड़े जलमीनार और हैंडपंप की मरम्मत के लिए विभाग कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है, जो अत्यंत चिंता का विषय है. इस पर सभी समिति सदस्यों ने सहमति जताते हुए निर्णय लिया कि सर्वप्रथम सभी हैंडपंप की सूची तैयार कर विभाग को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाये, ताकि मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ हो. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों के कार्यशैली पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि राशन वितरण का पता तक नहीं चलता कि किस योजना का राशन किस आधार पर वितरित किया जा रहा है. लाभुकों को इस संबंध में जानकारी नहीं मिलती. समिति ने इस मामले को एजीएम से संपर्क कर समूह में साझा करने का निर्णय लिया.
प्रमाण पत्र और अन्य कागजात बनवाने में परेशानी
सदस्यों ने बताया कि वर्तमान समय में लोग जाति, निवासी, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य कागजात बनवाने में भी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. महीनों का चक्कर लगाने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बैठक में चांदा पंचायत समिति सदस्य ने कहा कि अक्सर बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के कर्मी उपस्थित नहीं होते, जिससे आवश्यक जानकारी नहीं मिल पाती. पूरे मामले में प्रमुख नाजनी खातून ने बीडीओ को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया. बीडीओ विजय कुमार मंडल ने सभी आवश्यक पत्र जारी करने का आश्वासन दिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










