भीषण गर्मी से गोड्डा में जनजीवन प्रभावित, अस्पतालों में बढ़े मरीज

गोड्डा में भीषण गर्मी का कहर. उल्टी-दस्त के मामलों में वृद्धि, हीट स्ट्रोक के मरीज अभी भी कम
गोड्डा जिले में इन दिनों भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इसका सीधा असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है, जिसके चलते सदर अस्पताल सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी है. अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मौसम में सबसे अधिक असर उल्टी और दस्त (डायरिया) के मरीजों पर देखा जा रहा है. ओपीडी से लेकर इनडोर वार्डों तक ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण भोजन शीघ्र दूषित हो रहा है, जिससे लोग अनजाने में बासी या संक्रमित भोजन का सेवन कर बीमार हो रहे हैं. इसके अलावा शरीर में पानी की कमी भी इसका एक प्रमुख कारण है. मरीजों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक बतायी जा रही है. सदर अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन लगभग 600 मरीज ओपीडी में आते थे, वहीं पिछले एक सप्ताह में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में सबसे अधिक इमरजेंसी मरीज आ रहे हैं और इसके लिए दो आइसीयू वार्ड सक्रिय रूप से कार्यरत हैं.
हीट स्ट्रोक के मामले कम, विभाग पूरी तरह सतर्क
राहत की बात यह है कि इतनी भीषण गर्मी के बावजूद जिले में हीट स्ट्रोक के मामले अब तक बहुत कम सामने आये हैं. लोग धूप में निकलने से बच रहे हैं, जिससे लू के मामलों में कमी देखी जा रही है. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि संभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, ओआरएस घोल, सलाइन वाटर एवं जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. वार्डों एवं वेटिंग एरिया में पंखों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है.डॉक्टरों की सलाह
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. तारा शंकर झा ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें. यदि आवश्यक हो तो सिर एवं कान को कपड़े से ढककर ही बाहर निकलें. उन्होंने बासी भोजन से परहेज करने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी एवं ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










