स्कूलों व घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
घटना की जानकारी देते डीएसपी व अन्य. | Prabhat Khabar Network

घटना की जानकारी देते डीएसपी व अन्य. | Prabhat Khabar Network

गायत्री महायज्ञ में गूंजे वैदिक मंत्र, दीप महायज्ञ के साथ हुआ अनुष्ठान का समापन

विज्ञापन

गोड्डा: गोड्डा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में स्कूलों एवं घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए स्थानीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल (जेएच-17वी-7313) बरामद की गयी है.

पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. बुधवार को गोड्डा मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के घाट मंजवारा एवं लुकलुकी स्थित विद्यालयों से समरसेबल पंप तथा लुकलुकी के दो घरों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी होने की घटनाएं सामने आयी थीं.

इस संबंध में गोड्डा मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 126/2026, 127/2026 एवं 129/2026 दर्ज कर अज्ञात चोरों के विरुद्ध जांच शुरू की गयी थी. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान माल डुमरिया निवासी रतन कुमार मांझी (22), पिता रामेश्वर मांझी तथा सोनू मिर्धा (19), पिता रामफल मिर्धा के रूप में हुई है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी गये सामान की बरामदगी एवं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरना चौक के समीप दो युवक बेहद कम कीमत पर बैटरी और इन्वर्टर बेचने की फिराक में हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब हरना मोड़ पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक भागने लगे. सशस्त्र बल की सहायता से पुलिस ने एक युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया. गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान रतन कुमार मांझी के रूप में बतायी.

पूछताछ में रतन कुमार मांझी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर घाट मंजवारा एवं लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबल पंप तथा लुकलुकी के ब्राह्मण टोला स्थित दो घरों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी करने की बात स्वीकार की.

आरोपित की निशानदेही पर सामान बरामद

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के दो इन्वर्टर, एक बड़ी बैटरी तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किये. वहीं फरार आरोपित सोनू मिर्धा के घर एवं अन्य स्थानों से चोरी के छह समरसेबल पंप भी बरामद किये गये. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किये जाने वाले औजारों में आरी, प्लास, दो हथौड़ी, छोटा गड़ासा, लोहे का रेंच तथा लोहे की छड़ से बना पेचकस भी जब्त किया है.

छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

इस अभियान में अंचल निरीक्षक (सदर) मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार गुप्ता, राजेश रंजन, परवेज अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार ठाकुर, मनोज कुमार मंडल, सीताराम महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उनसे पूछताछ के बाद चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola