26 वर्षों से बंद पड़ा है परासी चौक का मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स, जानें BDO ने क्या कहा

Updated:
विज्ञापन
मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स. | Prabhat Khabar Network

मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स. | Prabhat Khabar Network

गायत्री महायज्ञ में गूंजे वैदिक मंत्र, दीप महायज्ञ के साथ हुआ अनुष्ठान का समापन

विज्ञापन

गोड्डा: गोड्डा के ठाकुरगंगटी प्रखंड मुख्यालय से करीब ढाई किलोमीटर दूर परासी चौक स्थित सरकारी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स पिछले करीब 26 वर्षों से उपयोग के अभाव में जर्जर अवस्था में पड़ा है. लाखों रुपये की लागत से निर्मित इस कॉम्प्लेक्स का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सरकारी दर पर दुकान उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ना था, लेकिन आज तक इसका लाभ आम लोगों को नहीं मिल सका.

जानकारी के अनुसार वर्ष 2000 में ग्राम स्वराज स्वर्ण जयंती योजना के तहत इस मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था. परासी चौक क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह दो दिन बड़ा हाट-बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. इसी को देखते हुए यहां 12 दुकानों वाला मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाया गया था, ताकि स्थानीय दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके और वे अपनी आजीविका चला सकें.

हालांकि भवन निर्माण के बाद आज तक दुकानों का आवंटन नहीं हो सका. परिणामस्वरूप यह कॉम्प्लेक्स वर्षों से बंद पड़ा है और धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है. दूसरी ओर कई स्थानीय लोग रोजगार के लिए किराये पर दुकान लेने को विवश हैं.

स्थानीय ग्रामीण गनौरी साह, अनुज कुमार शुक्ला, बालेंदु शेखर लाल, सुरेंद्र चौधरी, गुड्डू साह, रवि कुमार मंडल, मुकेश कुमार पोद्दार एवं अंकित कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि जिस उद्देश्य से कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था, वह आज तक पूरा नहीं हो पाया. उन्होंने कहा कि परासी चौक क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है.

ऐसे में यदि कॉम्प्लेक्स का संचालन शुरू हो जाये तो स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार का बेहतर अवसर मिल सकता है. ग्रामीणों का आरोप है कि कॉम्प्लेक्स के कुछ कमरों पर कुछ दबंग लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और वहां मवेशियों का चारा रखा जा रहा है.

इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. लोगों ने अवैध कब्जा हटाकर दुकानों का विधिवत आवंटन किए जाने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विधायक सह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से भी मामले में हस्तक्षेप कर मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स को शीघ्र चालू कराने की मांग की है, ताकि इसका लाभ स्थानीय बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यापारियों को मिल सके.

जल्द शुरू होगा कॉम्प्लेक्स: बीडीओ

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मंडल ने बताया कि मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स को जल्द चालू कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इसके लिए जिले से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है. रिपोर्ट तैयार कर भेजी जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola