सीवान सदर प्रमुख आरती देवी ने बचायी कुर्सी, कोरम के अभाव में गिरा अविश्वास प्रस्ताव

Updated:
विज्ञापन

प्रमुख आरती देवी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीवान सदर प्रखंड की प्रमुख आरती देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव कोरम के अभाव में गिर गया. बैठक में जरूरी दो-तिहाई पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हुए.

विज्ञापन

Siwan News: (विवेक कुमार सिंह) सीवान सदर प्रखंड की पंचायत समिति प्रमुख आरती देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को कोरम के अभाव में गिर गया. प्रखंड सभागार में आयोजित विशेष बैठक में आवश्यक संख्या में पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) उपस्थित नहीं हुए. इसके कारण अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी और बैठक की कार्यवाही बिना किसी निर्णय के समाप्त कर दी गयी. इसके साथ ही प्रमुख आरती देवी अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहीं.

विज्ञापन

हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बुलायी गयी थी बैठक

विशेष बैठक पूर्वाह्न 11 बजे प्रखंड सभागार में आयोजित की गयी थी. बैठक को लेकर सभी पंचायत समिति सदस्यों को पूर्व में सूचना भेजी गयी थी. अधिकारियों के अनुसार, यह बैठक पटना हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बुलायी गयी थी.

निर्धारित समय तक आवश्यक संख्या में सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुए. दो-तिहाई सदस्यों की मौजूदगी नहीं होने के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका. इसके बाद अधिकारियों ने बैठक की कार्यवाही समाप्त करने की घोषणा कर दी.

बैठक में प्रमुख आरती देवी भी शामिल नहीं हुईं. बैठक समाप्त होने के बाद प्रखंड मुख्यालय परिसर में पूरे दिन अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक चर्चा होती रही. समर्थक और विरोधी अपने-अपने पक्ष में तर्क देते नजर आये.

नियमित बैठक नहीं कराने समेत कई आरोप लगाये गये थे

गौरतलब है कि पंचायत समिति के कुछ सदस्यों ने प्रमुख आरती देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था. प्रस्ताव में आरोप लगाया गया था कि उनके कार्यकाल में पंचायत समिति की नियमित बैठकें समय पर नहीं हुईं.

सदस्यों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं की अनदेखी और विकास कार्यों में समानता नहीं बरतने का भी आरोप लगाया था. इसके अलावा विभिन्न विभागों के कार्यों की निगरानी में लापरवाही, स्थायी समितियों की समय पर बैठक नहीं बुलाने, विकास कार्यों के प्रति उदासीनता और प्रखंड में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसे आरोप भी प्रस्ताव में शामिल किये गये थे.

अविश्वास प्रस्ताव में यह भी कहा गया था कि अन्य बिंदुओं को विशेष बैठक के दौरान सदस्यों के समक्ष रखा जायेगा. हालांकि, कोरम पूरा नहीं होने के कारण प्रस्ताव में लगाये गये किसी भी आरोप पर चर्चा नहीं हो सकी.

क्या कहा बीडीओ ने

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी पंचायत समिति नीतू प्रियदर्शनी गुप्ता ने बताया कि पटना हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में विशेष बैठक बुलायी गयी थी. बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर विचार किया जाना था, लेकिन आवश्यक दो-तिहाई पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हुए.

उन्होंने बताया कि कोरम पूरा नहीं होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव गिर गया और बैठक की कार्यवाही समाप्त कर दी गयी.

प्रमुख बोलीं- प्रस्ताव निराधार था

प्रमुख आरती देवी ने कहा कि उनके खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह निराधार था. उन्होंने दावा किया कि पंचायत समिति के अधिकांश सदस्यों का समर्थन उन्हें प्राप्त है. इसी वजह से बैठक में आवश्यक संख्या में सदस्य उपस्थित नहीं हुए और कोरम पूरा नहीं हो सका.

उन्होंने कहा कि आगे भी पंचायत समिति सदस्यों के सहयोग से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दी जायेगी. जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास जारी रहेगा.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन