गोड्डा राजकीय होम्योपैथी कॉलेज को मिले 6 नए लेक्चरर, मान्यता के संकट पर क्या बोले डॉ. इरफान अंसारी

Updated:
विज्ञापन
गोड्डा राजकीय होम्योपैथी कॉलेज की तस्वीर

गोड्डा राजकीय होम्योपैथी कॉलेज की तस्वीर

झारखंड के गोड्डा स्थित राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज को 6 नए लेक्चरर मिले हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि यह नियुक्ति कॉलेज को मान्यता संकट से उबारने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

विज्ञापन

गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के परसापानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने कॉलेज में पठन-पाठन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से छह नए लेक्चररों की नियुक्ति की है. इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को मजबूती देने और विद्यार्थियों को एक उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत दूरगामी साबित होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संस्थान पर मंडरा रहे मान्यता संबंधी संकट को दूर करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और वे किसी भी कीमत पर इस प्रतिष्ठित कॉलेज को बंद नहीं होने देंगे.

होम्योपैथिक शिक्षा को मजबूत करने में जुटी सरकार

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इससे पूर्व भी उनके प्रयासों से इसी महाविद्यालय के लिए चार लेक्चररों की नियुक्ति की गई थी. उन्होंने कहा कि एक के बाद एक हो रही ये नियुक्तियां इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि राज्य सरकार होम्योपैथिक चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी गंभीर है. इसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. परसापानी परिसर में फैकल्टी की संख्या बढ़ने से न केवल छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सकेगी, बल्कि कॉलेज के प्रशासनिक और शैक्षणिक संचालन में भी काफी सहूलियत होगी. सरकार का मुख्य ध्येय राज्य के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर मेडिकल शिक्षा प्रदान करना है.

जानिए किन-किन शिक्षकों की हुई है नियुक्ति

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गोड्डा के इस राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज के लिए जिन छह नए संकाय सदस्यों को नियुक्त किया गया है, उनके नाम भी सार्वजनिक कर दिए गए हैं. नवनियुक्त अध्यापकों में प्रोफेसर प्रतिमा प्रमाणिक, प्रोफेसर कुसुम, प्रोफेसर नमिता मिश्रा, प्रोफेसर अंकित साहा, प्रोफेसर बजरंगी चौहान और प्रोफेसर एस. दास शामिल हैं. इन सभी अनुभवी और योग्य शिक्षकों के योगदान से कॉलेज के शैक्षणिक स्तर में व्यापक सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है.


विज्ञापन
Bipin Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola