युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने की पहल

नगर पंचायत अध्यक्ष ने इसीएल सैफाली आइटीआइ कॉलेज से की मुलाकात
महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने इसीएल सैफाली आटीआइ कॉलेज, सिकटिया के उप प्राचार्य मनीष कुमार चौबे से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान नगर अध्यक्ष ने कहा कि इसीएल राजमहल परियोजना से प्रभावित परिवारों के बच्चों को कॉलेज में नामांकन के दौरान प्राथमिकता मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब संस्थान इसीएल के सीएसआर फंड से संचालित हो रहा है, तो स्थानीय और प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा का सीधा लाभ मिलना आवश्यक है. प्रबोध सोरेन ने बताया कि महागामा नगर पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवा हैं, लेकिन संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण वे तकनीकी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं. यदि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर नामांकन और प्रशिक्षण का अवसर मिले, तो वे रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं. उन्होंने कहा कि केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण देना समय की मांग है. तकनीकी शिक्षा न केवल युवाओं का भविष्य मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति देगी. नगर अध्यक्ष ने बताया कि मुलाकात के दौरान महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के विस्तार, कौशल विकास कार्यक्रमों के संचालन तथा युवाओं के हित में योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










