विवेकानंद प्रतिमा स्थल से रेलिंग और गेट चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Updated:
विज्ञापन
विवेकानंद प्रतिमा स्थल से रेलिंग और गेट चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

-मोहनपुर में सार्वजनिक स्थल पर चोरी की बड़ी वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

विज्ञापन

महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के मोहनपुर स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा स्थल से बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. चोर प्रतिमा स्थल के चारों ओर लगी स्टील की रेलिंग तथा दो लोहे के गेट खोलकर ले गये. इस दौरान प्रतिमा स्थल पर लगा शिलापट्ट भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मुख्य सड़क किनारे स्थित सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है. घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा शीघ्र ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थल मुख्य सड़क के किनारे स्थित है और रात में पुलिस गश्ती वाहन भी यहां से गुजरते हैं, इसके बावजूद चोरों द्वारा इत्मीनान से रेलिंग और गेट खोलकर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. लोगों ने कहा कि नियमित निगरानी और सतर्क गश्ती होती तो इस घटना को रोका जा सकता था. घटना के विरोध में अभाविप के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के प्रति नाराजगी जतायी. अभाविप के नगर मंत्री सूरज पोद्दार ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर चोरी गए सामान की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो संगठन धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करेगा. इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है. उन्होंने सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola