बिक्रम के पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में हाई वोल्टेज से भारी नुकसान, 37 पंखे समेत कई उपकरण जले

पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय
बिक्रम स्थित पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगातार हाई वोल्टेज की घटनाओं से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. पिछले 25 दिनों में तीन बार हुई इस घटना में समरसेबल मोटर पंप, 37 पंखे, स्मार्ट टीवी, आरओ समेत कई महत्वपूर्ण विद्युत उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
Patna News: बिक्रम स्थित पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगातार हो रही हाई वोल्टेज की घटनाओं से विद्यालय को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. पिछले करीब 25 दिनों में तीन बार हुई हाई वोल्टेज की घटना में कई महत्वपूर्ण विद्युत उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. मामले को गंभीर मानते हुए विद्यालय के प्राचार्य ने शुक्रवार को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रम को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
समरसेबल से लेकर स्मार्ट टीवी तक हुए खराब
प्राचार्य द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार अचानक उच्च विद्युत प्रवाह आने से विद्यालय में लगे कई उपकरण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इनमें समरसेबल मोटर पंप, 37 पंखे, एक स्मार्ट टीवी, 10 ट्यूब लाइट, आरओ वाटर प्यूरिफायर और एक वाटर कूलर शामिल हैं. उपकरणों के खराब होने से विद्यालय की पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं, जिससे शिक्षण कार्य पर भी असर पड़ रहा है.
छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा
विद्यालय प्रशासन ने पत्र में कहा है कि लगातार हो रही हाई वोल्टेज की घटनाएं केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं पहुंचा रही हैं, बल्कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी हैं. प्राचार्य ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते तकनीकी खराबी को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है.
बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग
विद्यालय प्रशासन ने बिजली विभाग से पूरे विद्युत तंत्र की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने और हाई वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. इस मामले की प्रतिलिपि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बिक्रम और जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना को भी भेजी गई है.
स्थानीय दुकानदारों को भी हुआ नुकसान
स्थानीय दुकानदार गोलू कुमार, मनीष कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में हाई वोल्टेज की घटना दो बार होने से उनकी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, इन्वर्टर और अन्य विद्युत उपकरण जल गए हैं. इससे हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. दुकानदारों ने भी बिजली विभाग से समस्या का स्थायी समाधान निकालने और प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










