8 बोरा चावल मिलना था, मिला 5 बोरा, दानापुर गोदाम में सेविकाओं ने जताया विरोध, सीडीपीओ ने कहा- गलत
विरोध जताती सेविकाएं
दानापुर में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के पोषण के लिए भेजे जा रहे चावल में अनियमितता सामने आई है. सेविकाओं ने राज्य खाद्य निगम के गोदाम से कम चावल मिलने और वजन न करने का आरोप लगाया है.
Anganwadi Rice Scam: नौनिहालों को कुपोषण से बचाने के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर राज्य खाद्य निगम के गोदाम से बिना माप-तौल के चावल दिये जाने का मामला सामने आया है. दानापुर गोदाम से निर्धारित आठ बोरा की जगह पांच बोरा चावल मिलने पर सेविकाओं ने नाराजगी जतायी है. सेविकाओं ने आरोप लगाया कि गोदाम से चावल वितरण के दौरान वजन नहीं किया जा रहा है.
283 आंगनबाड़ी केंद्रों का मामला
दानापुर प्रखंड में 283 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं. सेविकाओं के अनुसार, मार्च, अप्रैल और मई माह का चावल मई में तीन-तीन बोरा दिया गया था. उनका आरोप है कि चावल के बोरे का वजन किये बिना ही वितरण किया गया. सेविकाओं ने बताया कि एक बोरे में करीब 40 से 45 किलो चावल रहता है.
पर्ची पर पांच बोरा, रजिस्टर में सिर्फ केंद्र कोड
सेविकाओं ने बताया कि महिला पर्यवेक्षक की ओर से एक पर्चा दिया जा रहा है, जिस पर पांच बोरा चावल लिखा हुआ है. वहीं रजिस्टर पर केवल आंगनबाड़ी केंद्र का कोड अंकित किया जा रहा है और भंडार में अन्य विवरण दर्ज नहीं किया जा रहा है. इसे लेकर सेविकाओं ने विरोध जताया है.
सेविकाओं का कहना है कि 335 किलो चावल देने का प्रावधान है. इसके बावजूद जून से अगस्त तक का राशन नहीं दिया गया है. सितंबर में भी आठ बोरा चावल की जगह पांच बोरा चावल ही दिया जा रहा है.
प्रधान लिपिक पर मनमानी का आरोप
सेविकाओं ने सीडीपीओ कार्यालय के प्रधान लिपिक पर मनमाने तरीके से चावल वितरण करने का आरोप लगाया है. सेविकाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से सीडीपीओ द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है और हर महीने मोटी रकम लेने का दबाव बनाया जाता है.
सेविकाओं का कहना है कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों तक राशन पहुंचाया जाता था, लेकिन अब उन्हें राशन लेने के लिए गोदाम पर घंटों इंतजार करना पड़ता है. राशन नहीं मिलने पर दूसरे दिन आना पड़ता है. इसके बाद सेविकाएं अपने खर्च पर गोदाम से राशन केंद्र तक ले जाती हैं.
गोदाम के एजीएम ने बताया पांच-पांच बोरा वितरण
गोदाम की एजीएम श्वेता ने बताया कि सीडीपीओ कार्यालय के प्रधान लिपिक और महिला पर्यवेक्षकों की ओर से सेविकाओं के बीच पांच-पांच बोरा चावल का वितरण किया गया है.
सीडीपीओ ने आरोपों को बताया गलत
सीडीपीओ अंजू सिंह ने बताया कि सेविकाओं को पांच-पांच बोरा चावल का वितरण किया जा रहा है. सेविकाओं की ओर से लगाये जा रहे आरोपों को उन्होंने गलत बताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए