गोड्डा : पोड़ैयाहाट में रोहिणी नक्षत्र में गूंजी हल-बैल की टंकार, खेतों को संवारने में जुटे किसान

Updated:
विज्ञापन
Godda News

Godda News

Godda News: गोड्डा के पोड़ैयाहाट में रोहिणी नक्षत्र शुरू होते ही किसान हल-बैल लेकर खेतों में उतरे, खरीफ तैयारी तेज हुई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पोड़ैयाहाट से रवि ठाकुर की रिपोर्ट 

Godda News: झारखंड के गोड्डा जिले में रोहिणी नक्षत्र शुरू होते ही पोड़ैयाहाट प्रखंड के गांवों में हल-बैल की घंटियां बजने लगी हैं. ट्रैक्टर के दौर में भी किसान अपनी पुरानी परंपरा नहीं भूले हैं. सकरी फुलवार, द्रुपद और अमवार पंचायत के किसान खरीफ की तैयारी में हल-बैल लेकर खेतों में उतर पड़े हैं.

सकरी फुलवार में दिखा उत्साह  

सकरी फुलवार गांव के किसान नरेश ठाकुर सुबह 5 बजे ही बैलों की जोड़ी लेकर खेत पहुंच गए. बोले, “रोहिणी में हल चलाने की परंपरा बाबा-परदादा के समय से है. ट्रैक्टर बाद में, पहले हल से ही जुताई करते हैं. इससे धरती माता खुश होती हैं और फसल अच्छी होती है.” नरेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने 2 एकड़ खेत की पहली जुताई हल-बैल से ही की .

गांव की महिला किसान मीना देवी भी पति के साथ मेड़बंदी कर रही थीं. उन्होंने  कहा, “मेड़ मजबूत होगी तभी पानी रुकेगा. रोहिणी में मेड़ बनाना शुभ माना जाता है.”

द्रुपद के किसान भी पीछे नहीं  

द्रुपद गांव में भी रोहिणी नक्षत्र को लेकर किसानों में उत्साह दिखा. भवेश दास ने कहा कि हल से जुताई करने पर मिट्टी भुरभुरी होती है और केंचुए भी नहीं मरते. खेत में नमी बनी रहती है. इसलिए पहली जुताई हल से ही करते हैं. अमवार पंचायत के किसान बबलू किस्कू ने बताया कि उनके पास ट्रैक्टर है, फिर भी रोहिणी की पहली जुताई हल-बैल से ही करते हैं, ये हमारी संस्कृति है. पिताजी कहते थे- रोहिणी के हल चले, तो खेत सोना उगले. इसलिए दो दिन ट्रैक्टर खड़ा रखते हैं.

कृषि विभाग क्या कहता है ?

पोड़ैयाहाट के प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुमोद मेहरा ने बताया कि प्रखंड में अब भी 35% किसान रोहिणी में हल-बैल का प्रयोग करते हैं. हल से जुताई में मिट्टी की ऊपरी उपजाऊ परत सुरक्षित रहती है. छोटे किसानों के लिए यह किफायती भी है. विभाग किसानों को बीज उपचार और कम अवधि वाली धान प्रजाति लगाने की सलाह दे रहा है.  

मानसून पर टिकी निगाहें  

मौसम विभाग के अनुसार 15 जून के आसपास गोड्डा में मानसून दस्तक दे सकता है, तब तक पोड़ैयाहाट प्रखंड के किसान हल-बैल और ट्रैक्टर दोनों से खेत तैयार करने में जुटे हैं. रोहिणी नक्षत्र में खेत तैयार हो जाएं तो धान की रोपनी समय पर हो जाती है. सकरी फुलवार से लेकर द्रुपद और अमवार तक खेतों में गूंजती हल-बैल की टंकार बता रही है कि तकनीक के साथ-साथ परंपराएं भी जिंदा हैं. अब अन्नदाताओं को बस इंद्र देवता से अच्छी बारिश की आस है.

यह भी पढ़ें: Ramgarh: आर्यिका माताओं की सड़क दुर्घटना में समाधि को लेकर जैन समाज में आक्रोश, निकाली गयी मौन रैली

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का बड़ा कदम, हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका पर चुनाव आयोग को लिखा पत्र

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Priya Gupta

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola