गोड्डा सदर अस्पताल में हृदय रोगियों के इलाज में गंभीर सुविधाओं की कमी
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 20 May 2026 10:55 PM
बुनियादी जांच सुविधाओं के अभाव में अस्पताल प्रशासन बाहरी विशेषज्ञों पर निर्भर
गोड्डा सदर अस्पताल अपनी खराब स्थिति और संसाधनों की कमी को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है. अस्पताल में बुनियादी जांच सुविधाओं का गंभीर अभाव है, फिर भी प्रशासन बाहरी विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाकर मरीजों का इलाज कराने में जुटा है. ताजा मामला हृदय रोगियों की जांच से जुड़ा है, जहां बिना पर्याप्त इंतजाम और सुविधाओं के ही उपचार और परामर्श दिया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल प्रशासन द्वारा मणिपाल हॉस्पिटल इएम बाइपास के विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. राणा राठौर राय और डॉ. निकेत अरोड़ा को बुलाकर हृदय रोगियों का परामर्श एवं उपचार कराया जा रहा है. अब तक इस कवायद के तहत करीब 160 मरीजों की जांच की जा चुकी है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी गयी है.
न अल्ट्रासाउंड, न अन्य जांच सुविधाएं : मरीजों को प्राइवेट सेंटरों का सहारा
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में हृदय जैसी संवेदनशील बीमारी की जांच के दावे के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. न तो अल्ट्रासाउंड उपलब्ध है और न ही अन्य जरूरी पैथोलॉजिकल या रेडियोलॉजिकल जांचें हो पा रही हैं. मरीज और उनके परिजन शिकायत करते हैं कि बाहर से डॉक्टर बुलाना अच्छी पहल है, लेकिन जब अस्पताल में जांच करने की मशीनें ही नहीं हैं, तो डॉक्टर सटीक रिपोर्ट के बिना इलाज कैसे करेंगे. परिणामस्वरूप मरीजों को महंगे प्राइवेट सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी और प्रशासन पर सवाल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हृदय रोगों के सटीक इलाज के लिए ईसीजी, इकोकार्डियोग्राफी और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक तकनीकें अनिवार्य हैं. ऐसे में केवल बाहरी डॉक्टर बुलाकर शिविर लगाना, प्रशासन की असफलता को छिपाने का प्रयास माना जा रहा है. अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग केवल बाहरी विशेषज्ञों पर भरोसा जारी रखेगा या गोड्डा सदर अस्पताल में जल्द ही आवश्यक मशीनों और जांच सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी.क्या कहते हैं डीएस
सदर अस्पताल में बाहर से डॉक्टर को बुलाकर रोगियों को परामर्श दिलाया जा रहा है. हमारा लक्ष्य अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को सुलभ उपचार मुहैया करना है. इसके लिए अस्पताल में सभी तरह की जांच के लिए आधुनिक मशीनें मंगवाई जा रही है.-डॉ. ताराशंकर झा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










