सूरज मंडल महाविद्यालय पोड़ैयाहाट में शासी निकाय की बैठक, शैक्षणिक सुधार पर जोर
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 24 May 2026 11:37 PM
विधायक प्रदीप यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों पर हुआ मंथन
सूरज मंडल महाविद्यालय, पोड़ैयाहाट में शनिवार को शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के शासी निकाय अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने की. इस अवसर पर एसडीओ बैद्यनाथ उरांव विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्तर एवं आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था बहाल करना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे. वहीं एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने भी महाविद्यालय के बेहतर संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया. बैठक में छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, कक्षाओं के नियमित संचालन तथा अनुशासन बनाये रखने पर विशेष बल दिया गया, ताकि शैक्षणिक माहौल को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके. शासी निकाय की बैठक में सर्वसम्मति से ट्यूशन फीस में 25 रुपये तथा विकास शुल्क में 25 रुपये की वृद्धि का निर्णय लिया गया. प्रबंधन के अनुसार, यह वृद्धि कॉलेज के विकास कार्यों एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक थी. बढ़ी हुई राशि का उपयोग पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में किया जाएगा.
कर्मचारियों की समस्याओं पर भी हुआ विचार
बैठक में महाविद्यालय की आदेशपाल मालती देवी के बकाया भुगतान एवं पुनः कार्य पर रखने के आवेदन पर भी विचार-विमर्श किया गया. शासी निकाय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. विधायक ने प्राचार्य को निर्देश दिया कि कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाये. बैठक के बाद विधायक एवं एसडीओ ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. इस अवसर पर शासी निकाय के सचिव दीपनारायण भगत, प्राचार्य सुबोध झा, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश साह, अरुण साह, बबलू पांडे सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










