पोड़ैयाहाट प्रखंड में 40 करोड़ की सड़क निर्माण परियोजना में अनियमितताओं का आरोप

Published by :SANJEET KUMAR
Published at :23 Apr 2026 11:00 PM (IST)
विज्ञापन
पोड़ैयाहाट प्रखंड में 40 करोड़ की सड़क निर्माण परियोजना में अनियमितताओं का आरोप

40 करोड़ की पथरा-लाठीबाड़ी सड़क में संवेदक पर घटिया सामग्री का प्रयोग करने और धमकी का लगाया आरोप

विज्ञापन

पोड़ैयाहाट प्रखंड के पथरा से लाठीबाड़ी तक बनने वाली सड़क को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितताओं का मामला उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है. पथ निर्माण विभाग की ओर से 40 करोड़ से अधिक की लागत से बन रही इस सड़क में घटिया निर्माण सामग्री और मानक की अनदेखी किये जाने का आरोप है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में फ्रेश बालू की जगह स्थानीय नदी-नाले का मिट्टी युक्त बालू इस्तेमाल किया जा रहा है. सीमेंट की मात्रा कम दी जा रही है, गिट्टी भी तय साइज की नहीं है. ढलाई के बाद सड़क में एक दिन भी पानी नहीं दिया गया, जिससे दरारें पड़ गयी हैं. सड़क ऊंची बनने के कारण कई घर नीचे दिखाई दे रहे हैं, जबकि नाले का निर्माण नहीं कराया जा रहा है. साथ ही, सूचना बोर्ड गायब है और काम के दौरान कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं रहता.

विरोध पर धमकी का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर संवेदक द्वारा नियुक्त कनीय अभियंता रामनाथ और मैनेजर बताने वाले राजीव रंजन सेन धमकी दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जैसा काम हो रहा है होने दो, विरोध किया तो सरकारी कार्य में बाधा और रंगदारी मांगने का केस कर जेल भेज देंगे, जिंदगी बर्बाद कर देंगे. ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा नेता आशीष यादव ने कार्यपालक अभियंता सह अधीक्षण अभियंता को पूरी जानकारी दी है. उन्होंने मांग की है कि कार्य की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाये. साथ ही, कथित मैनेजर राजीव रंजन सेन को तुरंत काम से हटाया जाये और फटी हुई सड़क की दोबारा ढलाई की जाये.

मुख्यमंत्री और सांसद से संज्ञान की अपील

आशीष यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे से मामले का संज्ञान लेने और मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की मांग की है. उन्होंने चेताया कि अगर अनदेखी जारी रही तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन करने को मजबूर होंगे. सड़क निर्माण कार्य को संचालित कर रहे जेई मुकेश मुर्मू से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola