आदिवासी समुदाय को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 26 Jun 2025 10:57 PM
लोबंधा पंचायत में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत शिविर आयोजित
गाेड्डा सदर प्रखंड के लोबंधा पंचायत अंतर्गत डोकाबांध गांव में गुरुवार को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आदिवासी बहुल गांव के अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना था. शिविर में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दयानंद जायसवाल और प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित रहे. शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, राशन, आयुष्मान कार्ड, केसीसी, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, पशुपालन एवं गव्य विकास, महिला एवं बाल विकास परियोजना आदि से जुड़ी जानकारी दी गयी.
शिविर में मिले ऑन-द-स्पॉट समाधान, लिया गया नशा मुक्ति का संकल्प
इस दौरान लाभुकों से विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन पत्र भी प्राप्त किये गये, जिनका शिविर में ही मौके पर निपटारा किया गया. शिविर में उपस्थित आदिवासी समुदाय के सदस्यों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा छोड़ने की शपथ भी दिलायी गयी. बीडीओ दयानंद जायसवाल ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लाभुकों से आह्वान किया कि वे इनका अधिक से अधिक लाभ उठायें. उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. गौरतलब है कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत इस प्रकार के शिविर पूरे जिले में आयोजित किये जा रहे हैं, ताकि आदिवासी समुदाय को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ा जा सके और उन्हें मुख्यधारा में लाया जा सके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










